हरियाणा में नंबरदारों को स्मार्ट फोन अभी नहीं दिए जाएंगे, वित्तीय संकट के चलते सरकार ने योजना टाली
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वित्तीय संकट को देखते हुए नंबरदारों को स्मार्ट फोन वितरित किए जाने संबंधी योजना टाल दी है। इस बारे में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इसके लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेजा गया था। जिसके तहत इस बार के बजट में नंबरदारों को स्मार्ट फोन दिए जाने थे। मगर, अब ऐसी जानकारी मिल रही है कि, सरकार ने इसकी फाइल लौटा दी है। यदि ऐसा है तो नंबरदारों को इस बार भी स्मार्ट फोन नहीं मिल सकेंगे।

सभी नंबरदारों को मिलने थे स्मार्ट फोन
जानकारों की मानें तो स्मार्टफोन वितरित करने की इस योजना पर अब नए सिरे से मंथन होगा। बता दिया जाए कि, हरियाणाभर में लगभग 15 हजार नंबरदार हैं। भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार ने सभी नंबरदारों को स्मार्ट फोन से लैस करने का ऐलान लिया था। सूबे में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्रालय उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास है। उन्हीं के विभाग से यह चर्चा चल निकली है कि, नंबरदारों को फोन देने का फैसला संबंधित जिलों के डीसी पर छोड़ दिया जाए।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह कहा था
उप मुख्यमंत्री ने उपरोक्त प्रस्ताव को रद्द कर दिया था। उन्होंने इसे लेकर कहा कि, चंडीगढ़ से ही किसी एक सरकारी एजेंसी के जरिये स्मार्ट फोन खरीदें जाएं। मगर, बताया जा रहा है कि, कोरोना महामारी से पनपे वित्तीय संकट की वजह से स्मार्टफोन बांटने की इस योजना को फिलहाल टाल दिया गया है। यही वजह है कि, बजट में नंबरदारों को स्मार्ट फोन देने की योजना को शामिल नहीं करने की खबरें आ रही हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला विभाग के आला अफसरों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications