MSP के लिए प्रदर्शन करने 2 फरवरी को हरियाणा से दिल्ली पैदल जाएंगे किसान, कुंडल बॉर्डर पर डेरा जमा
सोनीपत। किसान फसलों के लिए एमएसपी की मांग को लेकर जंतर-मंतर तक पैदल कूच करेंगे। इसके लिए किसान संगठन हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर तैयारी में जुटे हुए हैं। दिल्ली के नजदीक हरियाणा के कुंडली बॉर्डर पर प्रदर्शन करते किसानों का कहना है कि, उनका एक दल दिल्ली के जंतर-मंतर तक का मार्च शुरू करेगा। खास बात यह है कि, किसान खुद को लोहे की बेड़ियों में जकड़े हुए दिल्ली जाएंगे।

किसान संगठन के एक पदाधिकारी ने कहा कि, देश की राजधानी दिल्ली में 2 फरवरी को सरकार के खिलाफ रोष-प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों का कहना है कि जब तक एमएसपी गारंटी कानून नहीं बनेगा, वे अपने घर नही जाएंगे। उन्होंने कहा है कि, हमारा धरना कुंडली बॉर्डर पर जारी रहेगा। कुंडली बॉर्डर पर बैठे कुछ किसानों ने कहा है कि, सरकार द्वारा कानून वापस लिए जाने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने हमारी लड़ाई को अधूरी छोड़ दिया और एमएसपी की मांग को फाइलों में ही दफन करा दिया।

प्रदर्शकारी किसानों का कहना है कि, वे दो फरवरी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि, संयुक्त किसान माेर्चा और सरकार की वार्ता होने के बाद से ज्यादातर किसान 11 दिसंबर को अपने-अपने घर लौट पड़े थे। हालांकि, अभी पंजाब व हरियाणा के कुछ ऐसे किसान हैं, जोकि अभी भी दिल्ली बॉर्डर पर धरने पर बैठे हुए हैं। उनका कहन है कि, वे अब जंतर-मंतर के लिए कूच करेंगे।
Recommended Video

किसान नेता सरदार सतनाम सिंह ने कहा कि, हमें ये जानकर दुख हुआ कि पंजाब में चुनाव लड़ने वाले किसान नेताओं ने किसान आंदोलन को बेचा था। उन्होंने जान गंवाने वाले 700 किसान की लाशों पर राजनीति की है। सतनाम ने कहा कि, हमारी कौम ऐसे किसान नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी, पंजाब के किसान ऐसे नेताओं का आगामी चुनाव में बिल्कुल साथ नहीं देंगे। हमारा आंदोलन किसानों के हित पूरे कराने के लिए शुरू हुआ था, न कि चुनाव लड़ाने के लिए।












Click it and Unblock the Notifications