सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के हमलावरों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, गुरुग्राम में 5 बदमाशों का एनकाउंटर
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर अटैक करने वाले 5 शूटर्स की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। हरियाणा के गुरुग्राम-पटौदी रोड के गांव वजीरपुर के पास मंगलवार रात सवा 12 बजे गुरुग्राम पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में चार आरोपियों को गोली लगी और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कुल पांच बदमाशों को दबोचा। जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में लगभग 18 राउंड फायर हुए। पुलिस की अपराध शाखा, मानेसर, सेक्टर-43 और एसटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। खुफिया जानकारी मिली थी कि रोहित शौकिन हत्याकांड में वांछित आरोपी और सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमले के प्रयास में शामिल आरोपी वजीरपुर के पास से निकलेंगे।

गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ ने क्या कहा?
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-31, मानेसर, सेक्टर-43 और एसटीएफ टीम की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत की गई। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को पकड़ा, जिनमें रोहित शौकिन हत्याकांड में वांछित आरोपी और सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलाने वाला आरोपी शामिल था। मुठभेड़ में लगभग 18 राउंड फायर हुए।
इन दो गैंगस्टर का नाम आया सामने
इससे पहले 14 जुलाई 2025 को गुरुग्राम के सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर हुए एक हमले में वह बाल-बाल बच गए थे। ऐसा आरोप है कि इस योजना के पीछे गैंगस्टर दीपक नांदल और रोहित सिरधानिया का हाथ था। गैंगस्टर के गुर्गे किसी घटना को अंजाम देने के लिए निकले थे। रिपोर्टों के अनुसार, जब पुलिस ने उन्हें रोका तो संदिग्ध एक बिना नंबर प्लेट वाली इनोवा कार में सवार थे।
जवाबी कार्रवाई में चार संदिग्धों के पैरों में लगी गोली
रिपोर्टों के अनुसार, संदिग्धों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में चार संदिग्धों के पैरों में गोली मार दी, जबकि पाँचवें को पीछा करके पकड़ लिया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने की संदिग्धों की पहचान
गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान विनोद पहलवान (झज्जर), पदम उर्फ राजा (सोनीपत), शुभम उर्फ काला, गौतम उर्फ गोगी और आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई है। चारों घायल व्यक्ति अस्पताल में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कथित तौर पर उनके कब्जे से हथियार जब्त कर लिए हैं।
फाजिलपुरिया पर हुआ था जानलेवा हमला
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर 14 जुलाई 2025 को गुरुग्राम में जानलेवा हमला हुआ था। घटना के वक्त वह अपनी कार में बैठकर घर से निकल रहे थे तभी अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।
क्या है राहुल फाजिलपुरिया का असली नाम?
बहुत कम लोग जानते हैं कि 'राहुल फाजिलपुरिया' के नाम से मशहूर इस सिंगर का असली नाम राहुल यादव है। वह हरियाणा के गुरुग्राम जिले के छोटे से गांव फाजिलपुर झरसा से ताल्लुक रखते हैं। अपने गांव के नाम को ही उन्होंने अपना स्टेज नेम बना लिया है। राहुल को बचपन से ही म्यूजिक का शौक था और उन्होंने पारिवारिक बिजनेस से अलग हटकर संगीत को अपना करियर चुना।
किस गाने से मिली बड़ी पहचान?
हालांकि राहुल फाजिलपुरिया ने सिंगिंग की शुरुआत स्कूल के बाद ही कर दी थी, लेकिन उन्हें असली पहचान बॉलीवुड के सुपरहिट सॉन्ग कर गई चुल से मिली। ये गाना पहले एक अलग ट्रैक के रूप में रिलीज हुआ था, लेकिन जब इसे बॉलीवुड फिल्म 'कपूर एंड सन्स' में आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा पर फिल्माया गया, तो ये पूरे देश में हिट हो गया। इसके बाद फाजिलपुरिया ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई हिट गाने इंडस्ट्री को दिए।












Click it and Unblock the Notifications