हरियाणा: साइकिल से ऑफिस जाने वाले डीएसपी को कार ने कुचला, मौके पर ही मौत
हरियाणा के हिसार में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ। जिसमें साइकिल से जा रहे पुलिस अधिकारी की मौत हो गई।

DSP Chandrapal accident in Hisar: हरियाणा के हिसार में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक कार ने साइकिलिंग कर रहे डीएसपी को टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश कर रहीं। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे।
जानकारी के मुताबिक डीएसपी चंद्रपाल फतेहाबाद में तैनात थे। उनको साइकिलिंग का बहुत शौक था। रोजाना की तरह शनिवार को वो हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के पास साइकिलिंग कर रहे थे। तभी एक अज्ञात कार ने उनको टक्कर मार दी। आनन-फानन में उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का आदेश दिया। फिलहाल अभी तक कार चालक का पता नहीं चल पाया है।
चंद्रपाल के परिजनों के मुताबिक वो फतेहाबाद के रतिया में तैनात थे। शनिवार को वो फतेहाबाद पुलिस लाइन से साइकिल से निकलें और हिसार जाने लगे। मेडिकल कॉलेज के पास जैसे ही वो पहुंचे उनको एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे वो सिर के बल गिर गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को खबर देकर उनको अस्पताल भर्ती करवाया, लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका।
ऑफिस भी साइकिल से ही जाते थे
आपको बता दें कि डीएसपी चंद्रपाल को सरकारी गाड़ी मिली थी, लेकिन वो साइकिल से ही ऑफिस जाना पसंद करते थे। कहीं घूमने जाना हो, तो भी वो साइकिल को प्राथमिकता देते थे। पुलिस के मुताबिक उनका पोस्टमार्टम करवाकर शव घर वालों को सौंप दिया जाएगा। जांच टीम सभी एंगल से जांच कर रही। हादसे में उनकी साइकिल भी पूरी तरह से टूट गई और डिवाइडर पर जा लटकी। उसको भी जब्त कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications