सतलुज-यमुना लिंक नहर विवाद पर SC के फैसले का दिग्विजय चौटाला ने किया स्वागत, कही ये बात
सतलुज यमुना लिंक नहर (SYL) मामले में आज यानी 4 अक्टूबर को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही, सतलुज-यमुना लिंक नहर की जिम्मेदारी केंद्र सरकार को सौंपते हुए कहा कि पंजाब में सतलुज-यमुना लिंक नहर के लिए अधिग्रहीत जमीन वापस ना लौटाई जाए। अब जमीन का सर्वे केंद्र सरकार करे।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा को जल्द उसके हिस्से का पानी मिले। इस दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा कि एसवाईएल का पानी हरियाणा का हक है और उसको हम लेकर रहेंगे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद पंजाब सरकार का झूठा और गैर जिम्मेदाराना रवैया उजागर हुआ है और अब पंजाब सरकार को किसी अहंकार में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार को सलाह देते हुए कहा कि अभी भी उनके पास समय है, वे हरियाणा का हक छीनने का प्रयास न करें।
साथ ही, दिग्विजय चौटाला ने केंद्र से मांग करते हुए कहा कि पैरामिलिट्री फोर्स लगाकर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के तहत एसवाईएल नहर का निर्माण करवाया जाए। ताकि, हरियाणा के किसानों को अपने हिस्से का पानी मिले। दरअसल, दिग्विजय चौटाला बुधवार को स्टूडेंट्स काउंसिल के निमंत्रण पर पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने काउंसिल पदाधिकारी सहित पूरी इनसो पीयू टीम को छात्र हित में सभी चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। दिग्विजय ने डीएसडब्ल्यू ऑफिस के कमेटी रूम में छात्रों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह इनसो के पंजाब यूनिवर्सिटी में शानदार प्रदर्शन से बेहद खुश हैं।
क्योंकि, इनसो ने इस बार पीयू में जीत का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है, लेकिन संतुष्टि जब होगी जब इतनी बड़ी जीत इनसो प्रधान पद पर हासिल करेगी। दिग्विजय चौटाला का पीयू स्टूडेंट सेंटर में पहुंचने पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर ने स्वागत किया व छात्रों से रूबरू होने के बाद दिग्विजय ने छात्रों के साथ स्टूडेंट सेंटर पर ही लंच किया।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि बीते चुनाव में इनसो ने सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, वाटर कूलर, वाशिंग मशीन आदि लगवाने का वादा किया था और उसे पूरा भी किया। इसी प्रकार इस बार ओपन जिम व यूआईटी में लाइब्रेरी खोलने का वायदा भी हम पूरा करेंगे। दिग्विजय चौटाला ने छात्रसंघ पदाधिकारियों को इसके लिए जरूरी कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications