डेरा सच्चा सौदा की गद्दी किसी और सौंपने की चर्चाओं पर भड़का राम रहीम, कहा- हम गुरू थे और रहेंगे
सिरसा। जेल से 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया राम रहीम अब अपने फॉलोअर्स के बीच वक्त बिता रहा है। उसके सिरसा, बरनावा और बागपत समेत कई स्थानों पर ठिकाने हैं, जहां उसने फॉलोअर्स के लिए मैसेज दिए। इस बीच खबरें आ रही थीं कि वह किसी को डेरा सच्चा सौदा की गद्दी का उत्तराधिकारी बना सकता है। इसके लिए खासतौर पर हनप्रीत का नाम चर्चा में था। जब राम रहीम तक ये बातें पहुंची तो वह भड़क गया। उसने कहा कि, 'हम गुरू थे और रहेंगे।'

बता दें कि, राम रहीम ही डेरा सच्चा सौदा का चीफ है। यह बात उसने खुद दोहराई। उसने कहा कि वह इस पंथ का प्रमुख है और रहेगा, जिसके हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। उसके एक फॉलोअर ने बताया कि, पिछले कई दिनों से राम रहीम अपने आश्रम से ऑनलाइन प्रवचन कर रहा है, जिसमें उसके अनुयायियों समेत हरियाणा के कुछ भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया है। जींद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा अन्य डेरा अनुयायियों के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक ऑनलाइन सत्संग में शामिल हुए।

राम रहीम को बलात्कार एवं हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। उस पर आरोप हैं कि, उसने अपनी दो शिष्याओं को हवस का शिकार बनाया था। यह मामला अदालत में चला। 2017 में उसे इस जुर्म के लिए 20 साल कैद की सजा सुनाई गई। उसे हरियाणा की सुनारिया जेल में रखा गया। जब से जेल हुई है, तब से वह कई बार बाहर आ चुका है। हाल में वह 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया है।












Click it and Unblock the Notifications