करनाल लाठीचार्ज: SDM के वायरल वीडियो पर बोले डिप्टी सीएम- 'ऐसा आदेश निंदनीय, होगी कार्रवाई'
नई दिल्ली, 29 अगस्त: नए कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। शनिवार को करनाल में बीजेपी ने एक संठनात्मक बैठक का आयोजन किया, जिसका विरोध करने के लिए किसान सड़कों पर उतर गए। इस दौरान पुलिस को उन पर लाठीचार्ज करनी पड़ी। घटना से पहले का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे एसडीएम आयुष सिन्हा ने पुलिसकर्मियों को किसानों का सिर फोड़ने के आदेश दिए। मामला गरमाता देख अब हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला में भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि एक आईएएस अधिकारी द्वारा किसानों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल निंदनीय है। निश्चित रूप से उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं दूसरी ओर विपक्ष तो इस वीडियो को लेकर सरकार पर हमलावर है, साथ ही अब बीजेपी में भी इसके खिलाफ आवाज उठने लगी है। वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि ये वीडियो एडिटेड हो और अधिकारी ने ऐसा कुछ भी नहीं कहा हो, अन्यथा लोकतांत्रिक देश में नागरिकों के साथ ऐसा बर्ताव अस्वीकार्य है।
क्या कहा था एसडीएम ने?
वायरल वीडियो में एसडीएम पुलिसकर्मियों से कह रहे हैं- "जो भी यहां से आगे जाने की कोशिश करे, उसका सिर फोड़ देना, इसमें कोई डाउट नहीं है, आपको किसी डायरेक्शन की जरूरत नहीं है। किसी भी हालत में इन्हें इस लाइन के आगे नहीं जाने देना है। डीएम कह रहे हैं कि हमारे पास पर्याप्त फोर्स है। हम दो दिन से यहां ड्यूटी कर रहे हैं। यहां से आगे एक बंदा नहीं जाना चाहिए। अगर कोई आगे जाता है तो उसका सिर फूटा हुआ होना चाहिए।"
सीएम ने कही ये बात
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मामले में कहा कि सरकार काम में बाधा डालना लोकतंत्र के खिलाफ है। अगर वे विरोध करने चाहते हैं तो उन्हें शांतिपूर्वक विरोध करना चाहिए। अगर वे हाईवे जाम करते हैं और पुलिस पर पत्थर फेंकते हैं तो पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक्शन लेना पड़ेगा। हम इस पर गौर करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications