हरियाणा: गर्लफ्रेंड के भाई ने ग्यारहवीं के छात्र को पीट-पीट कर मार डाला
नई दिल्ली। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला में ग्यारहवीं के छात्र की उसके गर्लफ्रेंड के भाई ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोपी को छात्र के साथ अपनी बहन का रिश्ता पंसद नहीं था और इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। मृतक प्रदीप सिंह इसराना गांव के स्कूल में पढ़ता था। प्रदीप का शव बुधवार को स्कूल के पास से ही खेतों से बरामद हुआ, उसके चेहरे को भी बुरी तरह से क्षति पहुंचाई गई है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी के दोस्त प्रदीप को स्कूल से बुलाकर ले गए थे, जब वो खेत पर पहुंचा तो सात लोगों ने लाठी डंडों और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। प्रदीप की हमले के बाद मौके पर ही मौत हो गई।

डीएसपी विनोद कुमार ने कहा है कि शुरुआती जांच में प्रदीप की गर्लफ्रेंड के भाई प्रीतम पर हत्या का शक है। प्रीतम को बहन के साथ प्रदीप की दोस्ती पंसद नहीं थी और इसी गुस्से में उसने ये हत्या की। प्रीतम घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने प्रीतम और छह अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया है कि मौके से खून सनी लाठी भी बरामद कर ली है। डीएसपी ने बताया कि लड़की की जान को घर से खतरा देखते हुए उसे सेफ हाउस भेजा गया है। मकतूल और आरोपी दोनों ही रामबास गांव के हैं।












Click it and Unblock the Notifications