चरखी दादरी: रात में चोरों ने चुराईं 17 भैंसें, डेयरी मालिक बेहोश, पुलिस से कहा- कैसे उतारूंगा कर्ज
चरखी दादरी। यहां बीती रात गांव पातुवास में चोरों ने 17 भैंसें चुरा लीं। इतनी भैंसें डेयरी के फार्म में बंधी हुई थीं। पशुपालक के मुताबिक, उसे और उसके परिवार को बेहोश कर वारदात को अंजाम दिया गया। इस वारदात से उसे 20 लाख का नुकसान हुआ है।
संवाददाता ने बताया कि, गांव में हुई चोरी की बड़ी वारदात के बाद पशुमालिक का परिवार बहुत व्यथित हो उठा। पशुमालिक तो खुदकुशी करने चल पड़ा। हालांकि, एसपी ने मौके पर पहुंचकर मनाया। एसपी बलवान राणा ने कहा कि, चोरी हुई भैंसों को बरामद किया जाएगा।

चोरी की यह वारदात गांव पातुवास निवासी जयबीर सिंह के यहां हुई। बताया जाता है कि जयबीर ने अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए कर्ज लेकर भैंस की डेयरी की थी। डेयरी में उसने 21 भैंसों को रखा था और परिवार के साथ दूध बेचकर गुजारा कर रहा था। बीती रात अज्ञात लोगों ने उसके डेयरी को निशाना बनाते हुए पशुपालक व परिवार के सदस्यों को बेहोश कर दिया। फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।

चोरों ने 17 भैंसों को चुरा लिया। जबकि, चार भैंसें खेतों में मिलीं। पशुमालिक रोने लगा और कहने लगा कि अब 20 लाख रुपए का कर्ज कैसे उतारूंगा। एसपी बलवान राणा ने कहा कि कई टीमों का गठन करते हुए भैंसों को बरामद करने व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।













Click it and Unblock the Notifications