सोनीपत: बदमाशों ने सड़क के बीच युवक को दौड़ाया, फिर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, देखें VIDEO
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कार सवार चार-पांच हमलावरों ने एक व्यक्ति को दिनदहाड़े गोलियां मार दीं। व्यक्ति की छाती में दो व कमर में एक गोली मारी गई है। बता दें कि बदमाशों ने पहले युवक को बीच सड़क में दौड़ाया और जब वो नीचे गिर गया तो उस पर फायरिंग शुरू कर दी। घायल को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात सोनीपत जिले के बैयापुर गांव की है। गांव निवासी कृष्ण कुमार ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उसका करीब डेढ़ माह पहले गांव के टीलू उर्फ फूलकंवार से मामूली कहासुनी में झगड़ा हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। उसने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 9 बजे गांव के मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान टीलू, उसका भांजा व दो-तीन अन्य कार में सवार होकर वहां पहुंचे। टीलू, उसका भांजा व एक अन्य कार से उतरे। तीनों के हाथों में हथियार देखकर वह वहां से भागने लगा।
कृष्ण ने बताया कि वह गांव के रिसाला के घर में घुस गया तो टीलू व उसके भांजे ने उसकी छाती पर दाएं व बाएं तरफ दो गोली मार दी। जिससे वह वहीं पर गिर गया। उसके गिरने के बाद भी हमलावरों ने उसकी कमर में एक और गोली मारी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभी रूप से घायल कृष्ण को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहा उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल कृष्ण की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सदर थाना प्रभारी सुनील ने बताया घायल कृष्ण से अस्पताल में बात की गई। गोली चलाने का आरोप उसने आरोपी फूलकंवार पर लगाया। आरोपी पर हत्या प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
हमले का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
वहीं, इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है किस तरह बदमाशों ने एक के बाद एक गई राउंड फायर किए। पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications