Haryana Chunav Result 2024: भाजपा प्रत्याशी अनिल विज ने गाना गाकर जताया भरोसा, जीत के आंकड़े के बेहद करीब
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। जो राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की संभावना को दर्शाता है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए शुरुआती रुझानों के मुताबिक 90 विधानसभा सीटों में से भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस 36 सीटों पर संघर्ष कर रही है। अन्य पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। हालांकि उनकी संख्या कम है।
अंबाला कैंट से भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री अनिल विज शुरूआती रुझान में निर्दलीय उम्मीदवार चित्रा सरवारा से पीछे रहे। लेकिन बाद में उन्होंने बढ़त बना ली है। अंबाला कैंट सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल विज 8751 मतों से अपनी बढ़त बनाए हुए। विज ने अपने आत्मविश्वास को बरकरार रखा। उन्होंने बॉलीवुड के मशहूर गीत "मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया..." गाते हुए कहा कि वे मतगणना के अंतिम परिणाम तक आशावादी बने रहेंगे। अब चुनाव परिणाम उनके पक्ष में चल रहे हैं।

अनिल विज ने हरियाणा में भाजपा की बढ़त के पीछे कांग्रेस के प्रति मतदाताओं के मोहभंग को मुख्य कारण बताया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा के लोग कांग्रेस को सबक सिखा रहे हैं। कांग्रेस की झूठ की दुकान अब बंद हो जाएगी। विज के मुताबिक कांग्रेस के भीतर भी गुटबाजी हावी है। जहां कुछ लोग अपने ही नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की हार चाहते हैं।
दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने अभी हार नहीं मानी है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी की संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह विचारधारा की लड़ाई है और आखिरकार जीत कांग्रेस की होगी। पूर्व सीएम गहलोत का यह बयान कांग्रेस के उस आत्मविश्वास का संकेत है। जो चुनावी जंग को अभी खत्म नहीं मान रही।
भाजपा के नायब सिंह लाडवा सीट से कांग्रेस के मेवा सिंह से आगे चल रहे हैं। जबकि कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से भाजपा की मंजू पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी की जीत को लेकर आत्मविश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह ईवीएम, चुनाव आयोग और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं की जीत है। हरियाणा में हमारी सरकार स्पष्ट बहुमत के साथ बनेगी और यह जनता के भाजपा पर भरोसे को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications