हरिद्वार धर्म संसद हेट स्पीच मामले में बड़ी कार्रवाई, वसीम रिजवी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरिद्वार, 13 जनवरी: उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वसीम रिजवी को गिरफ्तार किया है। हरिद्वार धर्म संसद में भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी को नरसन बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उनको हरिद्वार कोतवाली लेकर पहुंची है।
Recommended Video

वसीम रिजवी की गिरफ्तारी पर हरिद्वार एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस ने वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र त्यागी को हरिद्वार 'धर्म संसद' में हेट स्पीट मामले में नरसन बॉर्डर रुड़की से गिरफ्तार किया है। एक दिन पहले यानी 12 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले पर सुनवाई हुई थी, जिसमें अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
पुलिस ने इस कार्रवाई को खरखरी स्थित वेद निकेतन में आयोजित हुई 17 से 19 दिसंबर तक धर्म संसद में भड़काऊ भाषण देने के मामले में की है। हरिद्वार धर्म संसद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दरअसल इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार कोतवाली के ज्वालापुर निवासी गुलबहार खान ने यूपी के शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। वहीं बाद में मुकदमे में 4 संतों के नाम भी जोड़े गए थे।
वायरल वीडियो में विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया गया था, जिसके बाद वसीम रिजवी के खिलाफ 23 दिसंबर को केस दर्ज कराया गया। इसके बाद संत धर्मदास, साध्वी अन्नपूर्णा भारती, स्वामी यति नरसिंहानंद और सागर सिंधु महाराज के नाम भी दर्ज किए थे। इस मामले में जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications