हरदोई: लिव इन में रह रहे युवक ने पड़ोसी पर लगाया पत्नी की हत्या का आरोप, सच्चाई जानने पर सबके उड़े होश
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पिछले छह साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने अपनी पत्नी की मामूली विवाद में हत्या कर दी। इसके बाद युवक अपने विरोधी पर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा कर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पहुंच गया। मामले का खुलासा होने पर मृतका के पिता ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कराया। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला हरदोई जिले के बेनीगंज के अल्हौआ गांव का है। अल्हौआ गांव के रहने वाले श्रीकृष्ण का लगभग छह साल पहले पहाड़पुर थाना के अतरौली निवासी कलावती को अपने घर लाया था। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस की मानें तो दोनों 31 अगस्त की रात गांव में दधि उत्सव आयोजन देखने के लिए गए थे। देर रात वापस आने पर उसने कलावती से खाना मांगा। खाना देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद श्रीकृष्ण ने पास में पड़े डंडे से उसके सर पर मार दिया।
सर पर चोट लगते ही कलावती के माथे से खून बहने लगा। ऐसे में कलावती जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग गई। वहीं, श्रीकृष्ण ने उसका पीछा कर कलावती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत होने के बाद उसने पत्नी की गर्दन को उसकी साड़ी कस दिया। मौत होने का विश्वास होने पर लाश को बेचेलाल के मक्के के खेत में छोड़ कर रात को ही घर पर वापस आकर सो गया। अगली सुबह वह अपने विरोधी को कलावती की हत्या के आरोप में फंसाने की नीयत से अपनी पुत्री को स्वयं की गढ़ी कहानी सिखाकर कोतवाली पहुंच गया।
घटना पर शक होने पर ड्यूटी पर मौजूद दरोगा ने घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक को दी। प्रभारी निरीक्षक श्रीकृष्ण को लेकर अल्हौआ गांव गए और उसकी निशानदेही पर मक्के के खेत में पड़ी लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एएसपी त्रिगुण बिसेन ने बताया कि अतरौली की हत्या के आरोप में पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications