भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने पासी समाज से कहा- योगी जी से मिले फ्री राशन बेचो, पैसे से कभी-कभी मूड भी बनाओ
हरदोई, 6 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के हरदोई में भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने पासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि योगी सरकार जो फ्री राशन दे रही है, वह इतना ज्यादा दे रही है कि लोग उतना खा नहीं सकते हैं। जनसभा में आए लोगों से नरेश अग्रवाल ने कहा कि फ्री राशन में कुछ बेचेंगे तो उस रुपए से बच्चे के लिए कपड़े और सामान आ जाएंगे और फिर उसी पैसे से कभी-कभी मूड भी बना लेंगे। नरेश अग्रवाल अपने इस बयान से विवादों में आ गए हैं। हरदोई में श्रवण देवी मंदिर परिसर में पासी सम्मेलन रविवार को आयोजित किया गया जिसमें भाजपा नेता नरेश अग्रवाल भी शामिल हुए।

जनसभा में भाषण देते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार ने फ्री राशन को दुगुना कर दिया है। 60-65 किलो गेंहूं और चावल लोगों को मिलने लगा है। इतना नहीं खा पाएंगे। इसमें से कुछ बेच लेंगे। पैसों से बच्चों के लिए कपड़े और सामान खरीद लेंगे और कभी-कभी मूड भी बना लेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि ये सब भाजपा सरकार ने किया है। कहा कि भाजपा के साथ सभी जातियां हैं जबकि सपा और बसपा एक जाति की पार्टी है। बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां तो बिना पैसों (लक्ष्मी) के टिकट भी नहीं मिलता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि यह पार्टी तो किस गड्ढे में है, उसको खोजा जा रहा है। अपना दल, पराया दल का तो पता नहीं है। एक जाति की पार्टी क्या उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी?
नरेश अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न एके-47 कर देना चाहिए। सपा में गुंडों को शह दिया जाता है और साइकिल जरूरतमंदों की निशानी है। बहुजन समाज पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी पर तंज करते हुए कहा कि जंगल का जानवर कहां से आ गया, पता नहीं। कहा कि यह पासी सम्मेलन इसलिए बुलाया है ताकि लोग देख लें कि नरेश अग्रवाल का परिवार कितना मजबूत है। पासी समाज बहादुर लोगों की कौम है। 1980 में जब राजनीति में आया तो पासी समाज ने बहुत साथ दिया। इसलिए लोग मुझे नरेश पासी भी कहने लगे थे। ओमिक्रॉन के खतरे पर कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आने की बात कही जा रही है, इसमें सावधानी बरतना।












Click it and Unblock the Notifications