हापुड़: दबिश देने गई पुलिस पर किया गया पथराव, आरोपी युवक हुआ फरार
हापुड़। उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में उस समय हड़कंप मच गया जब सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और अपने साथ लेकर चलने लगी, तभी आरोपी युवक के परिजनों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और आरोपी युवक को छुड़ा कर भगा दिया। इसके बाद पुलिस ने इस घटना की सूचना अपने आला अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पथराव कर रहे दो लोगों को भी हिरासत में लिया है और फरार चोरी के आरोपी की तलाश में जुट गई है।

चोर को पकड़ने गई थी पुलिस
बता दें सिटी कोतवाली क्षेत्र के जद्दीद चौकी पर गोदाम से चोरी की एक सूचना पुलिस को सूचना मिली थी, जिसमें गोदाम मालिक ने अपने गोदाम से चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। जिसके बाद जद्दीद चौकी की पुलिस यामीन के घर पहुंची और यामीन को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर जैसे ही चलने लगी तो यामीन के परिजनों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने विरोध किया तो पुलिस पर जमकर पथराव भी किया गया और परिजनों ने उसको छुड़ाकर मौके से भगा दिया।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस पर पथराव की सूचना जैसे ही अधिकारियों को लगी तो एडिशनल एसपी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पथराव करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, फरार आरोपी यामीन की तलाश में पुलिस जुट गई है और उसको जल्द गिरफ्तार करने की बात कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications