ऑटो पर स्कूली छात्र कर रहे 'मौत का सफर', वायरल हुआ हापुड़ का यह वीडियो
हापुड़। उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ऑटो चालक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑटो चालक ऑटो में दर्जनभर मासूम छात्रों को सफर करा रहा है। ऑटो की छत हो या साइड, चारों तरफ छात्र ही छात्र। छात्रों को मौत के मुंह में सफर कराकर चंद रुपयों के लिए चालक अपने ऑटो को रोड पर दौड़ा रहा है।

सिटी कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें ऑटो पर बैठकर दर्जनभर छात्र मौत का सफर कर रहे हैं। ऑटो चालक ऑटो को उड़न खटोला बनाकर रोड पर खूब दौड़ा रहा है लेकिन थाना पुलिस हो, यातायात पुलिस हो या फिर एआरटीओ के अधिकारी सब के सब मूकदर्शक बने हुए हैं।

तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एक ही ऑटो की छत पर साइड में और पीछे की साइड चारों तरफ छात्र छात्र नजर आ रहे हैं। जरा सी लापरवाही से हादसा हो सकता है लेकिन कोई भी अधिकारी ऐसे ऑटो के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।

यह सभी छात्र ऑटो में बैठकर अपने स्कूल-कॉलेज जा रहे हैं लेकिन वे खुद भी अपनी जान जोखिम में डालकर रोज सफर कर रहे हैं। चालक भी चंद रुपयों के लिए मासूम बच्चों की जिंदगी खतरे में डाल रहा है और अधिकारी इस मुद्दे पर बोलने को तैयार नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications