UP Minister Accident: हापुड़ में मंत्री गुलाबो देवी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, जानें हादसे की वजह
UP Minister Accident: उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाबो देवी मंगलवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। यह घटना हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-9 पर छिजारसी टोल प्लाजा के पास हुई। हादसे के बाद उन्हें रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक मंत्री गुलाबो देवी दिल्ली से बिजनौर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनके काफिले की एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसके चलते पीछे चल रही गाड़ियों में टक्कर हो गई। मंत्री की गाड़ी भी इस टक्कर की चपेट में आ गई।

हादसे में मंत्री गुलाबो देवी को मामूली चोटें आईं। उन्हें तत्काल नजदीकी रामा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और खतरे की कोई बात नहीं है।
टक्कर में तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त, हाईवे पर लगा जाम
काफिले की गाड़ियों के आपस में टकराने से नेशनल हाईवे-9 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। मंत्री की गाड़ी समेत तीन वाहन हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान वहां पर पहुंचे लोग घायलों को बचाने और बाहर निकालने में जुट गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू करने की कोशिश करते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। दुर्घटना के बाद मंत्री को दूसरी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी होते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मंत्री की हालत खतरे से बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और एसपी कुंवर ज्ञानजय सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मंत्री के स्वास्थ्य का हाल जाना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री के परिजनों को भी तुरंत सूचना दी गई।
इस बारे में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एस्कॉर्ट कर रही गाड़ियों के चालकों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद हादसे की वजह पता चल सकेगी।
गौरतलब है कि गुलाबो देवी चंदौसी विधानसभा सीट से विधायक हैं और योगी सरकार में माध्यमिक शिक्षा विभाग की मंत्री हैं। वे राजनीति में आने से पहले एक शिक्षिका और फिर स्कूल प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत रहीं।
वर्ष 1991 में पहली बार उन्होंने चुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद 1996, 2002, 2017 और 2022 में भी जीत दर्ज की। लंबे समय से वे प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़ी रही हैं और वरिष्ठ नेताओं में गिनी जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications