Kanwar Yatra 2025: बहू ने सास को कांवड़ में बैठाकर शुरू की सेवा यात्रा, श्रद्धा देख लोग बोले- धन्य है ये बेटी
Kanwar Yatra 2025: सावन की शुरुआत से पहले यूपी के हापुड़ से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सास-बहू के रिश्तों को एक नई ऊंचाई दे दी है। जिले की रहने वाली आरती नाम की महिला इस बार कांवड़ यात्रा पर अकेली नहीं, बल्कि अपनी बुजुर्ग सास को साथ लेकर निकली हैं-वो भी कांवड़ में बिठाकर।
जहां आमतौर पर बेटे माता-पिता को तीर्थ करवाते हैं, वहीं आरती ने बहू बनकर एक मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी सास के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की, यह सोचकर नहीं कि यह काम मुश्किल है, बल्कि यह मानकर कि यह एक सेवा है। इस यात्रा में उनकी बेटी भी शामिल है, जो पूरी यात्रा में अपनी माँ के साथ रहती है।

इस दृश्य ने सड़क से गुजर रहे राहगीरों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं इनका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। लोग आरती को 'श्रवण कुमार' कह रहे हैं, लेकिन इस बार यह भूमिका किसी बेटे ने नहीं, बल्कि एक बहू ने निभाई है।
सास को कराया गंगा स्नान, फिर शुरू की वापसी यात्रा
आरती सबसे पहले अपनी सास को लेकर हरिद्वार पहुंचीं, जहां उन्होंने उन्हें गंगा स्नान कराया। इसके बाद सास को विशेष रूप से सजाए गए कांवड़ में बिठाकर वापसी यात्रा शुरू की गई।
पूरे रास्ते आरती ने अपनी सास की सेवा की, उन्हें आराम देने के लिए हर कुछ कदम पर ठहराव लिया और नियमों का पालन करते हुए पैदल यात्रा की। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह उन्हें सम्मान दिया, कई लोगों ने उन्हें रोककर आशीर्वाद भी दिया।
'शिव की प्रेरणा से आया विचार', कहा- हर बुजुर्ग को मिले पुण्य
आरती कहती हैं कि यह विचार उनके मन में अचानक नहीं आया। सावन और शिवभक्ति के माहौल में उन्हें लगा कि जैसे वह खुद गंगा स्नान करके पुण्य कमा रही हैं, वैसे ही उनकी सास का भी यह अधिकार है।
हालांकि, शुरुआत में उनकी सास को लगा कि आरती शायद यह बोझ नहीं उठा पाएंगी, लेकिन अब उन्हें न सिर्फ़ गर्व महसूस हो रहा है, बल्कि भावुक होकर कहती हैं - 'हर घर में ऐसी बहू होनी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications