हापुड़: कोरोना मरीज के शव को हॉस्पिटल ने बनाया बंधक, डीएम के हस्तक्षेप के बाद परिजनों को सौंपा
हापुड़: कोरोना मरीज के शव को हॉस्पिटल ने बनाया बंधक, डीएम के हस्तक्षेप के बाद परिजनों को सौंपा
हापुड़, मई 07: कोरोना वायरस संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां बिल जमा न करने पर एक हॉस्पिटल ने कोरोना मरीज के शव को बंधक बना लिया। हालांकि, इस मामले में हापुड़ के जिलाधिकारी अनुज सिंह ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद हॉस्पिटल ने बिल के आधे रुपए लेकर युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया।
Recommended Video

ये मामला हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गालंद का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितिन गोयल (23) की रामा मेडिकल कॉलेज में 4 मई की देर रात कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई। इसके अगले दिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृतक के पिता मनोज गोयल को 54 हजार रुपए का बिल हाथ में थमा दिया गया। जब मृतक के पिता ने कहा कि हमारे पास पैसे नहीं है तो अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि जब तक रुपए जमा नहीं करोगे, तब तक हम शव नहीं देंगे।
जिसके बाद मनोज गोयल ने अस्पताल प्रबंधन की शिकायत धौलान के एसडीएम अरविंद द्विवेदी से की। इसके बाद धौलाना के एसडीएम अरविंद द्विवेदी ने अस्पताल प्रबंधन से बात की और कहा कि मृतक के इलाज का जो भी खर्चा हुआ है, वह मैं दे दूंगा, आप शव को ले जाने दीजिए। इतने पर भी अस्पताल प्रबंधन नहीं माना और मृतक के परिजनों से 35 हज़ार रुपए वसूलने के बाद ही शव को परिजनों को सौंपा।
इस बीच डीएम अनुज सिंह ने रामा मेडिकल कॉलेज में मरीजों के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले की जांच का आदेश दिया है। साथ उन्होंने तीन कोविड-19 हॉस्पिटल रामा मेडिकल कॉलेज, जीएस मेडिकल कॉलेज और सरस्वती मेडिकल कॉलेज में अब मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं, जिनका कार्य अस्पताल में बेड, ऑक्सीजन की आपूर्ति, वेंटीलेटर की समस्या सहित मरीजों को एडमिट कराने से लेकर मरीजों को डिस्चार्ज कराने और मृतकों के शवों को परिजनों को सौंपने का होगा।












Click it and Unblock the Notifications