Hapur News: ड्रोन की अफवाह से डरे ग्रामीण, युवती को चोर समझकर पीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Hapur News: हापुड़ जनपद के शेखपुर खिचरा गांव में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ड्रोन उड़ने की अफवाह के बीच एक युवती को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। मामले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रात करीब दस बजे एक युवती गांव में घूम रही थी। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने आसमान में ड्रोन जैसी चीज़ देखने की बात कह दी। इस पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर बाहर आ गए। लोगों ने युवती को देखते ही शोर मचाया गया और चोर समझकर उसे पकड़ लिया गया।

ग्रामीणों ने युवती को बार-बार पहचान बताने के बावजूद न सुना और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे गांव में घुमाया गया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। उसने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है।
ड्रोन की अफवाह बनी पिटाई की वजह
धौलाना थाना क्षेत्र में इन दिनों ड्रोन को लेकर कई तरह की अफवाहें फैली हुई हैं। ग्रामीणों का मानना है कि चोरी की घटनाओं में ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है। इसी आशंका के चलते ग्रामीण रात में खुद पहरा दे रहे हैं। आसमान में लाइट दिखते ही लोग शोर मचा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस शेखपुर खिचरा गांव में युवती को निशाना बनाया गया। उसी गांव में बिजली ठीक करने पहुंचे लाइनमैन को भी ग्रामीणों ने पीट दिया। बाद में जब सच्चाई सामने आई तो उन्हें छोड़ा गया। ग्रामीणों की सतर्कता अब हिंसा का रूप लेती नजर आ रही है।
सद्दीकपुरा में भी युवक को चोर समझकर घेरा गया
यह भी बता दें पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीकपुरा में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। जहां बाइक सवार एक युवक को लोगों ने संदिग्ध मान कर उसकी भी पिटाई कर दी थी। शोर सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली ले गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों से बार-बार अपील की जा रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दें। हालांकि गांव के लोग लगातार ऐसे अफवाहों को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं।
वहीं युवती के मारपीट के मामले में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि युवती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में है और बिना किसी कारण गांव में घूम रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि मारपीट और गांव में घुमाने की घटना की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications