Hapur accident: हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर से टकराई बाइक, पांच मासूमों की दर्दनाक मौत
Hapur accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। बुलंदशहर-हापुड़ हाईवे पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार बच्चों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही पांच मासूमों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रफीकनगर मोहल्ला निवासी दानिश अपने दो बच्चों और रिश्तेदारों के तीन बच्चों को लेकर बाइक से गुलावठी के मिठ्ठेपुर गांव गया था। सभी ने वहां फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में नहाया और देर रात लौटते समय हादसा हो गया।

रात करीब 10:30 बजे जब सभी लौट रहे थे, तब हाफिजपुर थाना क्षेत्र के पड़ाव कट के पास एक कैंटर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी पांचों लोग कैंटर के नीचे आ गए।
तेज रफ्तार बनी मासूमों की मौत की वजह
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में दानिश की बेटियां मायरा (6) और समायरा (5), सरताज का बेटा समर (8) और मोहल्ले के वकील का बेटा माहिम (8) शामिल हैं। हादसे के समय सभी एक ही बाइक पर सवार थे और लौटते वक्त हाईवे पर कैंटर की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद चालक फरार, कैंटर जब्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक हाईवे पर काफी तेज चल रही थी और अचानक रोड कट से एक कैंटर सामने आ गया। बाइक संभल नहीं सकी और सीधा कैंटर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से कैंटर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। दुर्घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर व सीओ गढ़मुक्तेश्वर वरुण मिश्रा ने मौके की जांच की और घटना के सभी पहलुओं की जानकारी ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हाफिजपुर थाना प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक चला रहे दानिश के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर रोड कट बहुत खतरनाक स्थिति में है और वहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। अब प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस कट पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए सरकार द्वारा कोई अच्छी व्यवस्था की जाये।
जैसे ही यह खबर रफीकनगर मोहल्ले में पहुंची, वहां मातम छा गया। एक ही परिवार से जुड़े बच्चों की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है। आसपास के लोग परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications