गैंगरेप के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा, सिर पर था 25 हजार का इनाम
हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार ऑपरेशन ठोको के तहत काम कर रही है और अपराधियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेज रही है। ताजा मामला जनपद हापुड़ के पिलखुआ कोतवाली का है, जहां पुलिस की दो बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई जिनमें एक 25 हजार के इनामी बदमाश नाजिम पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, तो वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। फरार बदमाश की पुलिस ने काफी तलाश की लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा सका। घायल बदमाश पर गढ़ कोतवाली में गैंगरेप व लूट का मुकदमा भी पंजीकृत था। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर भारी पुलिस फोर्स अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया।

दरअसल गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली की दो बदमाश हापुड़ की और जा रहे हैं। पुलिस पीछा करने निकल पड़ी, जिसके बाद बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया तो बदमाश पिलखुआ की तरफ भागे। वहां पिलखुवा कोतवाली पुलिस चेकिंग में लग गई थी। तभी हापुड़ की तरफ से एक बाइक पर 2 लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने छिजारसी नहर के रोड पर उन्हें घेर लिया।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई राउंड फायरिंग की जिसमें एक गोली 25 हजार के इनामी बदमाश नाजिम के पैर में लगी और वह घायल हो गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए इनामी बदमाश की पहचान जतोली थाना हसनपुर जिला अमरोहा के रहने वाले नाजिम के रूप में हुई। पकड़े गए बदमाश पर गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में गैंगरेप व लूट का मुकदमा दर्ज था, जिसमें पुलिस काफी दिनों से इसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने इस बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है जिसकी जल्द गिरफ्तारी की बात पुलिस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications