कांच की प्लेटों के बीच केमिकल लगा कागज रखकर बन जाता है नोट....इस तरह कर ली लाखों की कमाई
ग्वालियर में पैसा डबल करने के नाम पर ठगी करने वाले 5 ठगों को ग्वालियर पुलिस ने पकड़ा है
ग्वालियर, 12 सितंबर। ग्वालियर में ठगी का एक अनोखा तरीका सामने आया है। ठगों द्वारा लोगों को इस बात का लालच दिया जाता था कि वे एक विधि द्वारा पैसों को डबल कर देते हैं। कांच की प्लेटों और केमिकल लगे कागज का इस्तेमाल करके नोट डबल करने का दावा करने वाले ठग अब तक ग्वालियर में कई लोगों का अपना शिकार बना चुके हैं और उनसे लाखों रुपया भी हड़प चुके हैं। इस पूरी गैंग को पुलिस ने धर दबोचा है।

गुड़ी गुड़ा का नाका निवासी एक शख्स के साथ हुई थी ठगी
गुड़ी गुड़ा का नाका निवासी पुष्पेंद्र राजपूत नाम के शख्स ने मुरार थाने में इस बात की शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ पैसा डबल करने के नाम पर ठगी हो गई है। पुष्पेंद्र ने बताया कि उसके दोस्त ने उसे इस बात की जानकारी दी थी कि कुछ लोग पैसा डबल कर देते हैं। इसी के झांसे में वह आ गया और अपने पैसे गवां बैठे।

खंडहर में ले जाकर कर ली ठगी
पुष्पेंद्र ने बताया कि उसकी दोस्त पैसा डबल करवा रहा था लेकिन उस पर सिर्फ तीन लाख थे इसलिए उसने मुझसे भी दो लाख रुपए देने को कहा। दोस्त ने बताया था कि पैसा डबल करने वाले लोग 5 लाख से कम की रकम डबल नहीं करते। इसके बाद पुष्पेंद्र अपने दोस्त के साथ नारकोटिक्स ऑफिस के सामने पड़े खाली खंडहर में चला गया था। जहां दो लोग पहले से मौजूद थे।

कांच की प्लेट में केमिकल रखे कागजों के साथ रख दिए नोट
पुष्पेंद्र ने बताया कि खंडहर के अंदर मौजूद लोगों ने उनसे 5 लाख रुपए ले लिए और इन रुपयों को एक कांच की प्लेट में बांध दिया। इसके साथ ही कांच की प्लेटों में केमिकल लगे हुए कागज भी बांध दिए। फिर इन्हें एक काले कपड़े में लपेट दिया। इसके बाद कपड़े में लिपटे हुए नोटों को वे लोग आग पर तपाने लगे। उन्होंने दावा किया कि नोटों के साथ जो केमिकल रखे कागज रखे हैं वह गर्माहट पाकर हुबहू नोटों की शक्ल ले लेंगे।

कपड़े में लगी आग बुझाने के चक्कर में टूट गईं कांच की प्लेट
प्लेट तपाने के चक्कर में अचानक कपड़े में आग लग गई। इसके बाद ठगों ने कहा कि इस आग को बुझाओ। आग बुझाने के चक्कर में कांच की प्लेट टूट गईं जिसके बाद ठगों ने पुष्पेंद्र से कहा कि कांच की प्लेट टूट गई हैं इसलिए अब नोट नहीं बन पाएंगे। पुष्पेन्द्र को ठगों ने आश्वासन दिया कि जब दूसरी प्लेट लेकर आएंगे तब नोट डबल होंगे। जब पुष्पेंद्र ने उनसे पैसे वापस मांगे तो पुष्पेन्द्र के दोस्त ने कह दिया कि पैसे डबल करने के बाद ही वापस दिए जाएंगे।

अन्य लोगों से हुई मुलाकात तो मालूम चला ठगी का तरीका
पुष्पेंद्र चुपचाप वापस लौट आया लेकिन इसके बाद पुष्पेन्द्र ने जब यह बात अपने एक अन्य दोस्त को बताई तो दोस्त ने बताया कि उसके साथ भी इस तरह की ठगी हो चुकी है। दोस्त ने कहा कि इस तरीके की ठगी आजकल बहुत हो रही है उसके मिलने वालों के साथ भी यह ठगी हो चुकी है। पुष्पेंद्र को जब इस बात की जानकारी मिली कि उसके साथ भी ठगी हो गई है तो पुष्पेन्द्र सीधा पुलिस के पास पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी।

पुष्पेन्द्र की शिकायत पर पुलिस ने की ठगों की तलाश शुरू
पुष्पेंद्र की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने ठगों की तलाश शुरू कर दी और जल्द ही पुलिस को सफलता भी मिल गई। पुलिस ने जड़ेरुआ बांध तिराहे के पास से पैसा डबल करने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करने वाले पांच ठगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ठगों से पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त होने वाली कांच की प्लेट, एक केमिकल से भरी प्लास्टिक की बोतल, काले रंग के दो कपड़े और एक काले रंग का पदार्थ भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में समाने आया है कि यह लोग अभी तक कई लोगों को पैसे डबल करने का लालच देकर लाखों रुपए ठग चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications