ग्वालियर: तीन मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग में जलकर सात की मौत
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई जिसके बाद इमारत के अंदर 16 लोग फंस गए। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चार महिलाएं, एक लड़की और दो बच्चे हैं। पहले ऑयल पेंट की दुकान में आग लगी जिसने पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की दस से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची।
Recommended Video

घटना ग्वालियर के इदरगंज इलाके में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में आग लगी है उसमें दुकानें भी थीं और परिवार भी रह रहे थे। नीचे ऑयल पेंट की दुकान में पहले आग लगी और तेज आग लपटों से बिल्डिंग घिर गया। इस घटना के बारे में एएसपी सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि आग कैसे लगी, इस बारे में अभी पता नहीं चल सका है। बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर दस से ज्यादा फायर ब्रिगेड के वाहन हैं जो आग को बुझाने में लगे हैं।
केदारनाथ गोयल के परिवार के लोग अंदर फंसे
बिल्डिंग में आग लगने से अंदर केदारनाथ गोयल के परिवार के 16 लोग फंस गए। आग फैलने पर उठते धुएं से उनका दम घुटने लगा। वे बालकनी में आकर जान बचाने की गुहार लगाने लगे। पड़ोसियों ने उनको बाहर निकालने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जब तक पहुंची तब तक सात की मौत हो चुकी थी। 11 लोगों के अब तक इमारत से निकाला गया है। आग बुझाने और अन्य लोगों को बचाने का काम जारी है। घटनास्थल से छह की लाशों को बरामद किया जा चुका है।

सीएम शिवराज ने जताया दुख
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि ग्वालियर में भीषण आग की चपेट में आकर अनेक अनमोल जिंदगियों के साथ दो मासूम बच्चों के असमय काल के गाल में समा जाने का अत्यंत दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह गहन दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति!
हादसे में मृतकों के नाम
इस दर्दनाक हादसे में सुमित गोयल की 4 साल की बेटी आराध्या, साकेत गोयल के 10 वर्ष के बेटे आर्यन और उनकी पत्नी प्रियंका, श्याम गोयल की 13 साल की बेटी शुभी गोयल, श्याम गोयल की पत्नी आरती गोयल, जयकिशन गोयल की पत्नी शकुंतला व हरिओम गोयल की पत्नी मधु की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications