BJP कार्यसमिति की बैठक में सिंधिया का बड़ा बयान, बोले- कोई मेरा नहीं कोई तेरा नहीं, जीतने वाले को मिलेगा टिकेट
Gwalior Jyotiraditya Scindia News: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने समर्थकों के टिकट कटने के सवाल पर कहा कि कोई मेरा नहीं, कोई तेरा नहीं है, जो कोई है सब भाजपा के है। सिंधिया ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2023 और देश में होने वाले लोकसभा 2024 का चुनाव भी बीजेपी जीतेगी।
राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि किसी भी देश के पथ, आकार, भविष्य को तय करने के लिए सदियां लग जाती है, लेकिन भारत में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 सालों में तय करके दिखाया है। क्षमता से शक्ति तक निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक जो एक नई भारत की शक्ति 140 करोड़ जनता के साथ मिलकर आज भारत विश्व पटल पर एक नक्षत्र की तरह उभर चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की जो पहचान पिछले 9 साल में बनी है, वह सदियों तक भारत का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उन्होंने कहा कि कुर्सी और पद महत्वपूर्ण नहीं लेकिन भारत माता की माटी के लिए बलिदान देना सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नई विचारधारा के तहत सबका साथ-सबका विकास, सबका साथ और सबका प्रयास लेकर एक जुट होकर भारत माता को आगे बढाने का संकल्प किया। इसलिए भाजपा गरीब किसान, महिला और सबकी है। अगर आंकडे़ देखें तो 2003 में मप्र का बजट 16 हजार करोड़ का था। 2023 में 2.50 लाख करोड़ हो गया है।
सिंधिया ने सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना शुरू की है। आज ये इस बात को सिद्ध करता है कि गरीबों का कल्याण अगर कोई करता है तो भाजपा ही कर सकती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि हमें 2023 में और 2024 में भी भारतीय जनता पार्टी को फिर से सत्ता में लाना है।
ये चुनाव किसी व्यक्ति के लिए नहीं: नरेंद्र सिंह तोमर
वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए चुनाव एक परीक्षा होता है। आज हम चुनावी योजना में हैं, यह चुनाव सिर्फ हम मध्यप्रदेश की विधानसभा का चुनाव नहीं है। ये चुनाव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय या किसी व्यक्ति के लिए नहीं है, यह चुनाव विकसित भारत को मजबूती देने का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक यात्रा में हमारे लिए देश प्रथम पार्टी द्वितीय और स्वयं को तीसरे स्थान पर रखते हैं। हमारे लिए देश और दल दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। इसलिए विधानसभा चुनाव में हर कार्यकर्ता को प्राणपन के साथ जुटना है। हमारा केंद्रीय नेतृत्व और सभी नेताओं ने पार्टी को सक्रीय बनाने के लिए जो योजना बनाई है, उसके क्रियान्वयन में पूरी पार्टी और हम सब लगे हुए हैं। हमें मिलकर पार्टी के कार्यक्रमों को नीचे तक ले जाना है।












Click it and Unblock the Notifications