क्या अब हर कोई बन रहा लारेंस विश्नोई? ग्वालियर में एक सिरफिरे युवक ने तीन डॉक्टरों को धमकाया
Gwalior News: गैंगस्टर लारेंस विश्नोई बनकर दुश्मनों को गोली मारने की धमकी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के एक सनकी युवक की गोली मारने की धमकी देने का वीडियो वायरल हुआ है।
ग्वालियर के सीएमएचओ , सिविल हॉस्पीटल हजीरा में पदस्थ एक लेडी डॉक्टर और एक पुरुष डॉक्टर को खुलेआम जान से मारने की धमकी देता दिख रहा है।

घटना को संज्ञान में लेते ही पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में ले लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल में लगी है।
दरअसल युवक ने सोशल मीडिया पर 50 सेकेंड का वीडियो डाला है। इसमे वह कह रहा है कि मैं अब पिस्टल व रिवाल्वर मंगा रहा हूँ। इनसे मैं तीन कत्ल करने जा रहा हूँ.. पहला कत्ल एचओडी डॉ प्रशांत नायक, दूसरा कत्ल डॉ बिंदु सिंघल और तीसरा कत्ल सीएमएचओ का।
धमकी देने वाला यह भी कह रहा है कि तुम अब कही भी छुप जाओ बचोगे नहीं...बताया गया है कि उसकी मां सियादुलारी को 30 - 31 अक्टूबर की रात हजीरा सिविल डिस्पेंसरी में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान भी युवक ने अस्पताल में काफी हंगामा किया था।
युवक का आरोप था कि उसकी मां को जहर दिया गया है। जिससे उनके शरीर मे कालापन आ गया है। डॉक्टर का कहना है कि ठीक होने के बाद उसकी मां को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। इस वीडियो के बायरल होने के बाद डॉक्टर सहमे हुए है। उन्होंने इस मामले की शिकायत किला गेट थाने में कर दी है।पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
उधर एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बायरल वीडियो संज्ञान में लाया गया है। उसकी जांच कराई जा रही है। डॉक्टर्स से एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है। आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है उससे पूछताछ चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications