'24 घंटे के अंदर दो लाख दो', लाखों चुराने के बाद चोर ने छोड़ा धमकी भरा पत्र
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सिटी सेंटर स्थित ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के दफ्तर में चोरी की वारदात हुई है।
चोरों ने न केवल दफ्तर से लैपटॉप और सीसीटीवी की DVR चोरी की, बल्कि ऑफिस हेड के टेबल पर एक धमकी भरा पत्र भी छोड़ा है। चोरों ने इस पत्र में गार्ड कंपनी सिम्स और सनराइज पर आरोप लगाते हुए उनसे फिरौती मांगी है। पत्र में लिखा है कि 2 लाख रुपए का इंतजाम कर लो।

दरअसल, शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के ऑफिस में रविवार सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड पहुंचा तो, ऑफिस के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे। उसे ऑफिस के अंदर चोरी का शक हुआ। उसने ऑफिस हेड मनोज गोयल और पुलिस को इस बात की जानकारी दी। पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची और बैंक के अंदर जाकर जांच शुरु किया। ऑफिस से दो लैपटॉप, CCTV की DVR सहित अन्य सामान चोरी हो गया था।
जब पुलिस ऑफिस के अंदर जांच कर रही थी, तभी ब्रांच हेड के टेबल पर एक धमकी भरा पत्र मिला। उस लेटर को पढ़कर पुलिस और बैंक के अधिकारी दंग रह गए। लेटर में चोरों ने धमकी देते हुए लिखा था कि इस चोरी की वजह गार्ड मुहैया कराने वाली कंपनी सिम्स और सनराइज हैं। यहां के कर्मचारी, भर्ती हुए नए-नए लड़कों से दारू के लिए पैसे मांगते हैं। सिगरेट मंगवाते हैं। काम निकल जाने पर हटा देते हैं। ऐसी शिकायत मुंबई हेड ऑफिस भेजी है।
सिम्स और सनराइज का अब पूरा पैसा नहीं मिलेगा। तुम्हारे पास 24 घंटे का समय है। दो लाख रुपए का इंतजाम कर लो। तुम्हारे लैपटॉप सोमवार रात 8 बजे से पहले मिल जाएंगे। यह दो लाख रुपए प्लास्टिक की पन्नी में पैक कर NH-46 (घाटीगांव हाइवे) लिखे खंभे के पास रख जाना। रात 9 बजे तक पैसे नहीं आए, तो समझ लेना।
धमकी देने वालों ने कंपनी को आगाह किया है कि बेटी अभी बाप की है। अगर रुपए नहीं मिले तो फिर कंपनी आगे के लिए जिम्मेदार होगी। पुलिस को बाहर लगे CCTV कैमरे में एक चोर नजर आया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications