Madhya Pradesh: उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग, ग्वालियर में रोकी गई ट्रेन
उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस के इंजन में शनिवार को आग लग गई। जिसके बाद उसे मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रोक दिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे के अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन सिथोली रेलवे स्टेशन के पास थी, तभी उसके इंजन से धुंआ निकलता देखा गया। जिस पर ड्राइवर ने ट्रेन रोककर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। साथ ही वहां मौजूद अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का काम शुरू किया।

रेलवे के मुताबिक कुछ ही देर में उनके कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी भी यात्री या रेलवे स्टॉफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं घटना के तुरंत बाद अधिकारियों ने ट्रेन को आगे ले जाने के लिए दूसरे इंजन की व्यवस्था की।
यात्री हुए परेशान
वहीं जब आग लगने की खबर आई, तो यात्रियों को लगा कि कोच में आग लगी है। हालांकि कुछ ही देर में पता चल कि इंजन में आग लगी थी। इस वजह से काफी देर तक ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके अलावा भीषण गर्मी में काफी देर तक ट्रेन रुकने से यात्री भी परेशान हुए।
क्यों लगी आग?
प्रारंभिक जांच में पता चला कि टेक्निकल फाल्ट की वजह से फिल्टर में आग लग गई थी। जब ये घटना हुई तो ट्रेन ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लगभग 15 किलोमीटर दूर सिधौली रेलवे स्टेशन पर थी। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए थे।
कर्नाटक में भी ऐसी घटना
वहीं कर्नाटक के बेंगलुरु के संगोल्लि रायाण्ण रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ऐसी घटना हुई। वहां उद्यान एक्सप्रेस में आग लग गई। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को उतारने के 2 घंटे बाद उसमें आग लगी। जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।









Click it and Unblock the Notifications