चंबल के जिलों में भी पहुंचा लंपी वायरस, श्योपुर और मुरैना में सामने आए मामले
चंबल के मुरैना और श्योपुर जिले में लंपी वायरस ने दस्तक दे दी है, कुछ मवेशियो में लंपी वायरस के लक्षण देखे गए हैं
मुरैना, 13 सितंबर। चंबल के जिलों में भी लंपी वायरस ने दस्तक दे दी है। लंपी वायरस के मामले श्योपुर और मुरैना जिले में देखने को मिले हैं। श्योपुर की तीन तहसील के 8 गांव में लंपी वायरस के मामले सामने आए वहीं मुरैना में भी एक गाय में लंपी वायरस के लक्षण देखने को मिले हैं। लंपी वायरस से ग्रसित सभी गायों को उपचार शुरु कर दिया गया है।

श्योपुर की 3 तहसीलों में आए मामले सामने
लंपी वायरस ने चंबल में दस्तक दे दी है। श्योपुर में इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार श्योपुर की 3 तहसीलों श्योपुर, वीरपुर और विजयपुर में लंपी वायरस ने कुछ गायों को अपनी चपेट में ले लिया है। लंपी वायरस के लक्षण इन गायों में देखने को मिल रहे हैं।

मवेशियों के लिए गए सैंपल
लंपी वायरस के मामले श्योपुर की तीन तहसील के 8 गांव में सामने आए हैं। यहां कुछ गायों को लंपी वायरस के लक्षण दिखने की जानकारी जब पशु चिकित्सा विभाग को मिली तो पशु चिकित्सा विभाग की तरफ से एक टीम लंपी वायरस से ग्रसित गायों के सैंपल लेने के लिए पहुंची। लिए गए सेंपलों को जांच के लिए भेज दिया गया है।

लंपी वायरस से ग्रसित पशुओं को किया गया अन्य पशुओं से अलग
लंपी वायरस से ग्रसित पशुओं को एहतियात के तौर पर अन्य पशुओं से अलग कर दिया गया है। यह वायरस एक मवेशी से दूसरे मवेशियों में बहुत जल्दी फैलता है इसलिए लंपी वायरस से ग्रसित पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखा जा रहा है। इसके साथ ही लंपी वायरस से ग्रसित पशुओं का उपचार भी शुरू कर दिया गया है।

मुरैना में भी आया लंपी वायरस का मामला सामने
मुरैना में भी एक गाय में लंपी वायरस के लक्षण देखने को मिले हैं। एक गाय बाजार में घूम रही थी जिस पर लोगों की नजर पड़ी तो वह हैरान रह गए। लोगों ने देखा गाय के शरीर पर लंपी वायरस जैसे लक्षण नजर आ रहे थे। यह देखकर लोगों ने पशु चिकित्सकों को सूचित किया। जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सक गाय को देखने के लिए पहुंचे। फिलहाल लंपी वायरस से ग्रसित गाय को शासकीय पशु अस्पताल में ले जाया गया है। गौ सेवकों का कहना है कि डॉक्टरों को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए नहीं तो यह बीमारी जल्द ही दूसरी गायों को भी अपनी चपेट में ले सकती है। कुल मिलाकर अब चंबल के जिलों में भी लंपी वायरस की एंट्री हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications