Gwalior news : अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से दहल उठा ग्वालियर, महिला के उड़े चिथड़े, पति घायल
ग्वालियर जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक महिला की मौत हो गयी। बताया गया है कि जिले के डबरा स्थित छिमक गांव के एक घर में पटाखा बनाने का काम चल रहा था।

ग्वालियर जिले के डबरा तहसील के छीमक गांव में अवैध पटाखे के निर्माण के दौरान ब्लास्ट हो गया जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इसमें घर मे मौजूद पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना स्थल पर पुलिस प्रशासन की टीम ने पहुंचकर बारूद के अवैध भंडारण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश राजे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका निरीक्षण किया।
छीमक गांव में महमूद खान के आवास में अवैध पटाखा बनाने का काम होता है। उसका घर भी घनी बस्ती के बीच बना हुआ है।
गुरुवार दोपहर मकान में अचानक विस्फोट हुआ और आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही आस पड़ोस के लोग जब महमूद खान के घर पहुंचे तो महमूद और उसकी पत्नी गुड्डी गंभीर घायल हालात में जमीन पर पड़े हुए थे। घर गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो चुका था। सूचना मिलने पर डबरा विधायक सुरेश राजे घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कराया।
ग्वालियर एसएसपी अमित सांघी जानकारी दी कि घटनास्थल पर बम डिस्पोजल दस्ते की टीम के साथ पुलिस टीम को भेजा गया है। विस्फोट कैसे हुआ और बारूद के अवैध भंडारण से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। साथ ही जांच के बाद गृह स्वामी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध भी दर्ज किया जाएगा। यह पता नहीं लगा है कि आतिशबाजी में विस्फोट हुआ कैसे पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि, बिना रजिस्ट्रेशन के लिए बारूद आखिर महमूद खान को किसने दिया था। उसके खिलाफ भी विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications