ग्वालियर में बीजेपी मंत्री की राहुल गांधी को सलाह-'भारत जोड़ने से पहले कांग्रेस जोड़ो'
ग्वालियर में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा की जगह पहले कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालें
ग्वालियर, 27 अगस्त। मध्य प्रदेश सरकार के जल संसाधन मंत्री और ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा है कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कारम डैम के मामले को लेकर कहा है कि कांग्रेस संकट के समय राजनीति कर रही है।
Recommended Video

कारम डैम पर बोले जल संसाधन मंत्री
मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री और वर्तमान में ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कारम डैम पर बोलते हुए कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला है। तुलसी सिलावट ने कहा है कि कांग्रेस संकट के समय भी राजनीति कर रही है। तुलसी सिलावट ने कहा कि कारम डैम निर्माणाधीन था, कारम डैम टूटा नहीं है बल्कि लीकेज हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कारम डैम के मामले में अब तक दो कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है।

आठ अधिकारियों पर कार्रवाई की भी कही बात
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कांग्रेस के तमाम आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कारम डैम के मामले में आठ अधिकारियों पर एक्शन लिया है, इसके साथ ही कारम डैम पर विस्तृत जांच चल रही है और इस जांच के बाद फिर से कार्रवाई की जाएगी।

राहुल गांधी को दी तुलसी सिलावट ने सलाह
पत्रकारों ने जब मंत्री तुलसी सिलावट से सवाल किया कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं तो इस सवाल के जवाब में मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। दरअसल एक-एक करके कई कांग्रेस के दिग्गज नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़कर जा रहे हैं।। हाल ही में गुलाम नबी आजाद ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया है ऐसे में मंत्री तुलसी सिलावट ने राहुल गांधी को कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालने की सलाह दी है।

शिवराज सिंह के नेतृत्व में फिर बनेगी सरकार
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने यह दावा किया है कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक बार फिर से मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी। यह बयान उन्होंने ऐसे वक्त दिया है जब शिवराज सिंह चौहान को सीएम पद से हटाए जाने की अटकलें जोरों पर हैं। पिछले दिनों शिवराज सिंह चौहान का कद कम करते हुए उन्हें बीजेपी के संसदीय बोर्ड से बाहर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications