जर्जर सड़क देखकर नाराज हुए ऊर्जा मंत्री सड़क पर चले नंगे पैर
लक्ष्मण तलैया इलाके में भ्रमण करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर जर्जर सड़क देखकर हुए नाराज, जर्जर सड़क पर नंगे पैर चलकर दिखाया अपना गुस्सा।
ग्वालियर, 25 मई। लक्ष्मण तलैया इलाके का निरीक्षण करने पहुंचे उर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने जब जर्जर सड़क देखी तो अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए वे जर्जर सड़क पर नंगे पैर चले। यह नजारा देखकर उनके साथ मौजूद अधिकारी टेंशन में आ गए। मंत्री के साथ मौजूद अधिकारी एवं उनके समर्थकों ने मंत्री महोदय को नंगे पैर चलने से रोकने का प्रयास भी किया लेकिन ऊर्जा मंत्री ने किसी की एक नहीं सुनी और सड़क पर नंगे पैर चल दिए।

नंगे पैर ही किया ऊर्जा मंत्री ने पूरे इलाके का भ्रमण
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने जर्जर सड़क पर नंगे पैर चल कर अपना गुस्सा तो जाहिर किया ही, इसके साथ ही उन्होंने पूरे इलाके में भ्रमण के दौरान अपने पैर में जूते या चप्पल नहीं पहने। वह नंगे पैर ही पूरे इलाके में घूम-घूम कर जनता के बीच गए और जनता से उन्होंने बातचीत की।
तड़के सुबह 5 बजे ही लक्ष्मण तलैया इलाके में पहुंच गए थे मंत्री
ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर तड़के सुबह 5 बजे ही लक्ष्मण तलैया इलाके में पहुंच गए थे। यहां ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने पूरे इलाके में घूम-घूम कर भ्रमण किया और इलाके में रहने वाले लोगों से बातचीत करके यह जाने का प्रयास किया कि उन्हें किसी बात की कोई समस्या तो नहीं है।
बहोड़ापुर इलाके में भी सुबह 5 बजे पहुंच गए थे ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का तड़के सुबह 5 बजे इलाके का भ्रमण करना कोई नई बात नहीं है। पिछले दिनों बहोड़ापुर इलाके में भी ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन तोमर तड़के सुबह 5 बजे ही पहुंच गए थे। यहां पर जब उन्हें कोई जनता नहीं मिली तो ऊर्जा मंत्री ने लोगों के घरों के दरवाजे खटखटाकर उनके बाहर आने पर समस्याओं के बारे में जानकारी ली थी।
ऊर्जा मंत्री बोले जब मुझे तकलीफ का एहसास होगा तो अधिकारियों को भी होगा
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर से जब इस बारे में पूछा गया कि आखिर उन्होंने नंगे पैर भ्रमण क्यों किया तो ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने जवाब दिया कि उनकी जनता को जो तकलीफ हो रही है उस तकलीफ का एहसास वह भी करना चाहते हैं क्योंकि जब उन्हें तकलीफ का एहसास होगा तभी अधिकारियों को भी एहसास होगा।












Click it and Unblock the Notifications