Assam Flood: असम में भारी बारिश के बाद बाढ़ का कहर, 142 गांव जलमग्न, 33 हजार लोग प्रभावित, 22 जून तक रेड अलर्ट
Assam Flood: एक तरफ गुजरात, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में चक्रवात बिपरजॉय से तेज आंधी तूफान के चलते भयानक स्थिति बनी हुई है तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्य असम के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की वजह से बाढ़ आ गई।
असम के लोग भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई, जिसके चलते गांवों- कस्बों से लेकर खेतों में पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 'रेड अलर्ट' जारी किया है। 22 जून (गुरुवार) तक असम के कई जिलों में 'बहुत भारी' से 'बेहद भारी' बारिश की संभावना जताई है।

भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) गुवाहाटी ने कोकराजहार, चिरांग, बक्सा, बारपेटा और बोंगाइगांव के निचले असम के जिलों पर "भारी (24 घंटे में 7-11 सेमी) से बहुत भारी (24 घंटे में 11-20 सेमी) और अत्यंत भारी बारिश (24 घंटे में 20 सेमी से अधिक)" के साथ 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
33 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
आरएमसी ने मंगलवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' और उसके बाद के दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इधर, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की डेली बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक कछार, डारंग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजई, लखीमपुर, नागांव, नलबाड़ी, सोनितपुर, तिनसुकिया और उदलगुरी जिलों में बाढ़ की वजह से 33,400 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
लखीमपुर जिले में बाढ़ का कहर
लखीमपुर जिले में सबसे ज्यादा 25,200 से अधिक लोग प्रभावित हुए है, इसके बाद डिब्रूगढ़ में 3,800 से अधिक और तिनसुकिया में लगभग 2,700 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन तीन जिलों में 16 राहत वितरण केंद्र चलाने के अलावा एक राहत शिविर भी चला रहा है।
एएसडीएमए ने बताया कि मौजूदा वक्त में 142 गांव पानी से भरे हैं और पूरे असम में 1,510.98 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं दीमा हसाओ और करीमगंज में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन की घटनाओं की सूचना मिली है।












Click it and Unblock the Notifications