विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस राज्य में BJP को बड़ा झटका, मंत्री रोंगहांग कांग्रेस में शामिल
असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जोरशोर से जुटी भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है...
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जोरशोर से जुटी भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज असम सरकार में मंत्री सुम रोंगहांग ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस दीफू विधानसभा सीट से सुम रोंगहांग को चुनाव मैदान में उतार सकती है। सुम रोंगहांग असम सरकार में पहाड़ी क्षेत्रों के विकास और खदान व खनिज मंत्रालय संभाल रहे थे। रविवार को भाजपा ने असम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें सुम रोंगहांग का टिकट काटकर पूर्व विधायक बिद्या सिंह एनेंगलेंग को दीफू विधानसभा सीट से उताया गया।

सुम रोंगहांग ने रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर सुम रोंगहांग ने कहा, 'जिस तरह से भाजपा ने मेरा टिकट काटा, वो मुझे अच्छा नहीं लगा और ये मेरा अपमान किया गया है। मैं अपनी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी व सरकार में जिम्मेदारी निभाई। मेरी विधानसभा में कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ साजिश रची और पार्टी ने मेरा टिकट काट दिया। मुझे लगता है कि भाजपा में रहकर अब मैं अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा नहीं कर पाऊंगा। इसलिए, मैंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली है।'
गैर-पारदर्शी तरीके से काम करती है भाजपा
इस दौरान सुम रोंगहांग ने आरोप लगाया कि भाजपा गैर-पारदर्शी तरीके से काम करती है। वहीं, सुम रोंगहांग को दीफू विधानसभा सीट से टिकट दिए जाने के सवाल पर रिपुन बोरा ने कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। हालांकि, कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सुम रोंगहांग को दीफू सीट से चुनाव मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। रविवार को ही कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के दो सूची जारी की, जिनमें से पहली सूची में 40 और दूसरी सूची में 3 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया।












Click it and Unblock the Notifications