PM मोदी ने लॉन्च की डेयरी, यहां 1 लाख लीटर आइसक्रीम, 80 टन मक्खन, 20 टन खोया रोज बनेगा
बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। आज उन्होंने बनासकांठा के दियोदर स्थित बनास डेयरी संकुल में अत्याधुनिक डेयरी परिसर का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि, बनासकांठा जिले के दियोदर में एक नया डेयरी कॉम्प्लेक्स व आलू प्रसंस्करण संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया गया है, जो कि 600 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से बनाया गया है।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि, नया डेयरी कॉम्प्लेक्स एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है। यहां लगभग 30 लाख लीटर दूध का काम किया जा सकेगा। यह प्रतिदिन लगभग 80 टन मक्खन, एक लाख लीटर आइसक्रीम, 20 टन खोया और 6 टन चॉकलेट का उत्पादन करेगा। वहीं, आलू प्रसंस्करण संयंत्र आलू के विभिन्न प्रकार के उत्पादों जैसे फ्रेंच फ्राइज़, आलू के चिप्स, आलू टिक्की, पैटी आदि का उत्पादन करेगा, जिनमें से कई अन्य देशों में निर्यात किए जाएंगे।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में बनासकांठा के दियोदर में बनास डेयरी संकुल पहुंचे। वह यहां कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रख रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, ये संयंत्र स्थानीय किसानों को सशक्त बनाएंगे और क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगे। प्रधानमंत्री बनास सामुदायिक रेडियो स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सामुदायिक रेडियो स्टेशन किसानों को कृषि और पशुपालन से संबंधित प्रमुख वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करने के लिए स्थापित किया गया है। उम्मीद है कि रेडियो स्टेशन लगभग 1700 गांवों के 5 लाख से अधिक किसानों से जुड़ेगा।

प्रधानमंत्री गुजरात में खिमाना, रतनपुरा-भीलडी, राधनपुर और थावर में स्थापित होने वाले 100 टन क्षमता के 4 गोबर गैस संयंत्रों की आधारशिला भी रख रहे हैं।
विद्या समीक्षा केंद्र बनेगा
गुजरात में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, गुजरात के बच्चों, हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को आकार देने के लिए विद्या समीक्षा केंद्र बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications