गुजरात आएंगे अमित शाह: कांग्रेस ने कहा- उनके कार्यक्रम से कोरोना फैलेगा, कलक्टर परमिशन न दें
तापी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह फिर गुजरात आने वाले हैं। तापी जिले के बाजीपुरा में आगामी 19 फरवरी को उनके कार्यक्रम का आयोजन है। कांग्रेस इस कार्यक्रम के विरोध में है। कांग्रेस नेताओं ने कलक्टर को ज्ञापन देकर इस कार्यक्रम को रद्द कराने की मांग की है। कांग्रेसियों का कहना है कि, गृहमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होंगे। जिससे कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने का खतरा है।

19 फरवरी को होगा अमित शाह का कार्यक्रम
कांग्रेस के ज्ञापन में कहा गया है कि, अभी देशभर में कोरोना की तीसरी लहर चल रही है। राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, कोई भी कार्यक्रम यदि बंद स्थान पर हो तो वहां 150 और खुले स्थान में 300 लोग एकत्रित हो सकते हैं। मगर अब जबकि शाह का दौरा होने वाला है उनके कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटेगी, इससे नियमों का भी उल्लंघन होगा। इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भी भाजपाइयों ने कार्यक्रम किए..जिसके बाद कोरोना का प्रकोप तेजी से फैला। हजारों जानें गईं। अब कोरोना की तीसरी लहर का सामना करना पड़ रहा है।'

कार्यक्रम न रुका तो जाएंगे हाईकोर्ट: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा, ''यदि केंद्रीय गृहमंत्री को बाजीपुरा में कार्यक्रम देने की छूट दी गई तो बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होंगे। जिससे महामारी और ज्यादा फैल सकती है। इसलिए उनके कार्यक्रम को रद्द कर दिए जाए।' कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि, यदि कलक्टर शाह के कार्यक्रम को नहीं रोकते हैं तो हम गुजरात हाईकोर्ट का रूख करेंगे।'

किया था कई मंदिरों का दौरा
पिछली बार के दौरे में शाह ने गुजरात में कई मंदिरों के दर्शन किए थे। उन्होंने एक उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लिया। उस दौरान भीड़ हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications