गुजरात में 8 से 11 जनवरी तक मनाया जाएगा 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व', सीएम भूपेंद्र ने शेयर किया ये शानदार वीडियो
गुजरात के प्रभास पाटन में 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' का आयोजन हो रहा है। 5 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सोमनाथ मंदिर से जुड़ा एक वीडियो साझा कर इसके महत्व पर प्रकाश डाला। पटेल ने कहा कि सोमनाथ मंदिर की गाथा विध्वंस की नहीं, बल्कि पिछले 1000 साल से भारत माता के करोड़ों संतानों के स्वाभिमान की अमर कहानी है, जो असत्य के सामने कभी नहीं झुकी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 8 से 11 जनवरी तक 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तहत सनातन चेतना, आस्था और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को "भारत माता को वैभव के शिखर पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक संकल्प का अवसर" बताया।

सीएम पटेल के 'एक्स' पर वीडियो शेयर किया, जिसमें सोमनाथ मंदिर की मान्यता व महत्व की गाथा है। इसमें महमूद गजनवी, महमूद बेगड़ा और अलाउद्दीन खिलजी जैसे विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा मंदिर व शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने के प्रयास दर्शाए गए। बार-बार हमलों के बावजूद, मंदिर आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है।
'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तहत सालभर कार्यक्रम होंगे। अधिकारियों ने बताया कि 8 से 11 जनवरी तक मंदिर में आध्यात्मिक व सामाजिक आयोजन किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 जनवरी को इस विशेष अवसर पर शिरकत करेंगे। यह पर्व राष्ट्रीय गौरव और 'अटूट आस्था' का प्रतीक है, जो भारत की स्थायी संस्कृति दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications