गुजरात चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को दी बड़ी जिम्मेदारी
गांधीनगर, 18 सितंबर। आम आदमी पार्टी ने गुजरात चुनाव के लिए अपनी तैयारियां और भी तेज कर दी हैं। गुजरात में इसी साल अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होना है। गुजरात चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल कई बार यहां का दौरा कर रहे हैं। उनके साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी गुजरात का दौरा कर रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी ने गुजरात चुनाव के लिए राघव चड्ढा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें को-इंचार्ज बनाया है।

दरअसल माना जाता है कि राघव चड्ढा ने पंजाब चुनाव में आप की जीत मे बड़ी भूमिका निभाई थी। पार्टी को यहां पूर्ण बहुमत मिला था, जिसके बाद एक बार फिर से आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर भरोसा जताया है। सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा को गुजरात की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद लोग बधाई दे रहे हैं। आप सांसद संदीप पाठक ने भी ट्वीट करके उन्हें बधाई दी है। उन्होंने लिखा, राघव चड्ढा को बधाई, उन्हें गुजरात में आम आदमी पार्टी का सह प्रभारी बनाया गया है।
Recommended Video
एक तरफ जहां दो दशक से भी ज्यादा समय से भारतीय जनता पार्टी गुजरात की सत्ता में है तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी यहां खुद को मुख्य विपक्षी दल मान रही है जो भाजपा को चुनौती दे सकती है। कई बार अरविंद केजरीवाल कह चुके हैं कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार आने जा रही है। पंजाब के बाद गुजरात दूसरा राज्य है जहां पर आम आदमी पार्टी तेजी से बढ़ रही है और यहां सरकार बनाने की पुरजोर कोशिश कर रही है।
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हमारे पास देशभर में 20 राज्यों में 1446 जन प्रतिनिधि हैं। ये वो बीज हैं जिन्हें ईश्वर ने बोया था। दिल्ली, पंजाब में यह बीच पेड़ बन घए हैं और अब आम लोगों को फल और छाया दे रहे हैं। ईश्वर ने 27 बीज गुजरात में बोए हैं, जो अब पेड़ बनने जा रहे हैं। गुजरात में आप की सरकार बनने जा रही है। बता दें कि गुजरात चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच जबरदस्त बयानबाजी चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications