गुजरात पुलिस ने दो भूतों पर दर्ज किया केस, खेत में काम करते शख्स को दे रहे थे 'धमकी'
गुजरात पुलिस ने दो भूतों पर दर्ज किया केस, खेत में काम करते शख्स को दे रहे थे 'धमकी'
अहमदाबाद, 30 जून: गुजरात के पंचमहल जिले में दो भूतों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। सुनने में अजीब लगने वाला ये मामला जंबुघोड़ा पुलिस स्टेशन का है। यहां एक शख्स ने दो भूतों के खिलाफ परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो भूतों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

'दो भूतों ने मुझे घेरकर मारपीट की'
पुलिस ने बताया है कि 35 साल का वरसंगभाई नाम का शख्स रविवार को जंबूघोड़ा पुलिस स्टेशन में आया। वो काफी परेशान लग रहा था, उसने कहा कि खेत में काम करने के दौरान दो भूतों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। वो किसी तरह से भागा तो भूतों ने उसे फिर खेत में आने पर जान से मारने की धमकी दी। शख्स ने पुलिस से जान बचाने की गुहार लगाई तो पुलिस ने भी उसकी शिकायत ले ली।

शख्स का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं
पुलिस ने बताया कि युवक की हालत को देखकर उन्होंने उसकी शिकायत ले ली और उसके घर जाकर मामले का पता किया। परिवार ने पुलिस को बताया कि भूतों के हमले की शिकायत करने वाले वरसंग मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं है और उसका मनोरोग का उपचार चल रहा है। रविवार को उसकी हालत ज्यादा बिगड़ी तो वो पुलिस स्टेशन पहुंच गया।

पुलिस ने भरोसा देने को लिख लिया केस
पुलिस की ओर से कहा गया है कि ऐसे शख्स से सख्ती से बात करना ठीक नहीं है। ऐसे में हमने उससे कहा कि वो लिखित शिकायत देगा तो भूतों पर कार्रवाई होगी और पुलिस की ओर से सुरक्षा भी दी जाएगी। साथ ही पुलिस ने उससे कहा कि वह अपनी दवा लेता रहेगा तो ही उसका साथ दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications