दो दिन के गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, मां से घर जाकर की मुलाकात
गांधीनगर, 28 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अपनी मां से मुलाकात की। गांधीनगर स्थित रायसेन इलाके में स्थित मां के आवास पर नरेंद्र मोदी पहुंचे और उनसे मुलाकात की। बता दें कि पीएम मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर आए हैं। इस दौरान अपनी मां से तकरीबन आधे घंटे पीएम ने मुलाकात की। पीएम मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी ने बताया कि अहमदाबाद में खादी उत्सव में हिस्सा लेने के बाद पीएम ने मां से आधे घंटे मुलाकात की। इसके बाद वह वह गांधीभवन स्थित राजभवन चले गए, जहां उन्होंने शनिवार रात विश्राम किया। आज पीएम मोदी गांधीनगर स्थित कच्छ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

खादी उत्सव को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने चरखा के साथ अपने व्यक्तिगत संबंध को लेकर बात की। उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि जब मैं बच्चा था तो मेरी मां चरखे से काम करती थीं। बता दें कि पीएम मोदी की मां 18 जून को 100 साल की हो गई हैं।
साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित खादी उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा आज देश में खादी को लेकर लोग जागरूक हैं, जो देश अपना इतिहास भूल जाता है वह नया इतिहास नहीं बना पाता है। खादी हमारी विरासत का अभिन्न अंग हैं। हमे अपनी विरासत को संभालकर रखना होगा, तभी दुनिया हमारा सम्मान करेगी। पीएम मोदी ने लोगों से खादी को बढ़ावा देने की भी अपील की, पीएम ने कहा कि खादी को लोकल से ग्लोबल होने से कोई नहीं रोक सकता है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से बात करेंगे। पीएम मोदी ने ट्वीट करके लोगों से मन की बात कार्यक्रम को सुनने का आग्रह किया है। हर महीने के आखिरी रविवार को पीएम मोदी ने रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम करते हैं। इस दौरान पीएम अलग-अलग मुद्दों पर देश से बात करते हैं। आज पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 92वां एपिसोड सुबह 11 बजे प्रसारित होगा।












Click it and Unblock the Notifications