Indo Pak Border: भारतीय जलसीमा में घुस आए पाकिस्तानी मछुआरे, 2 को BSF ने किया गिरफ्तार
कच्छ। भारत-पाक बॉर्डर क्रॉस करके पाकिस्तानी मछुआरे भारतीय जल-सीमा में आए रोज दाखिल हो रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अपने इलाके में अवैध तरीके से घुसे 2 पाकिस्तानियों को पकड़ लिया है। यह घटना गुजरात में कच्छ के तट पर भारत-पाक सीमा के नजदीक की है। इससे पहले पांच अगस्त को बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी मछुआरे को पकड़ा था और पांच नावें जब्त की थी।

हरामी नाला इलाके में 2 पाकिस्तानी मछुआरे पकड़े गए
जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने गुजरात के कच्छ जिले के नलिया में कुछ जवानों ने एक सुबह लगभग 11.40 बजे हरामी नाला क्षेत्र में मछुआरों के साथ 6 मछली पकड़ने वाली नौकाओं को आते देखा। इसके बाद भुज बीएसएफ को इस बारे में सूचना भेज दी गई। तब भुज में तैनात बीएसएफ के जवानों ने हरामी नाला क्षेत्र में तत्काल विशेष अभियान शुरू किया। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि, अब तक बीएसएफ के जवानों ने दो पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा जा चुका है और अभियान जारी है।

लगातार पकड़े जा रहे पाकिस्तानी मछुआरे
पकड़े गए पाकिस्तानी मछुआरों की पहचान यासीन शेख (35) और मोहम्मद शेख (25) के रूप में हुई है, बताया जा रहा है कि दोनों पाकिस्तान के सुजावल जिले में जीरो प्वाइंट इलाके के पास एक गांव के निवासी हैं। मालूम हो कि, बीएसएफ ने इससे पहले 5 अगस्त को 1 पाकिस्तानी मछुआरे को पकड़ा था और 5 नावें जब्त की थीं। इसी तरह यहां अब तक काफी मछुआरे पकड़े जा चुके हैं। सुरक्षा कारणों से भारतीय मछुआरों को नाले में प्रवेश करने से रोक दिया जाता है, वहीं पाकिस्तान से आए मछुआरे कई बार बेहतर मछली पकड़ने की तलाश में भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करते हैं।

भारतीय मछुआरों की वापसी नहीं हो पाती
पाकिस्तानी मछुआरों को तो भारत सरकार द्वारा जल्द वापस उनके वतन भेज दिया जाता है। मगर, जिन भारतीय मछुआरों को पाकिस्तानी मरीन सिक्योरटी व अन्य एजेंसियां पकड़कर ले जाती हैं, उनकी वापसी कई-कई सालों में होती है। गुजरात की एक मछुआरा यूनियन के मुताबिक, बहरहाल, पाकिस्तान की जेलों में गुजरात के करीब 519 मछुआरे बंद हैं। ये सभी मछुआरे अंतरराष्ट्रीय जल सीमा से पाकिस्तानी मरीन एजेंसी की ओर से पकड़कर ले जाए गए थे। गुजरात सरकार 323 परिवारों को 300 रुपये रोजाना के हिसाब से सहायता राशि उपलब्ध कराती है।
सबसे ज्यादा भारतीय मछुआरे कराची की जेल में
पिछले दिनों गुजरात विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जीतूभाई चौधरी ने बताया था कि, गुजरात के 358 मछुआरों को पाकिस्तानी मरीन एजेंसी अंतरराष्ट्रीय जल सीमा से अपहृत ले गई। वर्ष 2020 में गुजरात के 163 मछुआरों का अपहरण किया गया था, जबकि वर्ष 2021 में 159 मछुआरों को पकड़कर पाकिस्तान ले जाया गया। अब पाकिस्तान की जेलों में गुजरात के लगभग 519 मछुआरे बंद हैं, इनमें से सबसे अधिक मछुआरे कराची की जेल में रखे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications