महबूबा मुफ्ती को गुजरात के डिप्टी CM ने कहा- भारत पसंद नहीं तो पाकिस्तान चले जाइए, वहां कराची में बस जाइए
वडोदरा। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर जुबानी हमला बोला। महबूबा मुफ्ती के हालिया बयान पर नाराजगी जताते हुए नितिन पटेल ने कहा कि अगर उनको भारत और उसके कानून पसंद नहीं हैं तो उन्हें सपरिवार पाकिस्तान चले जाना चाहिए। वहां जाइए और कराची शहर में बस जाइए।
पटेल आगे बोले- 'महबूबा पिछले कई दिन से अनर्गल बयान दे रही हैं। वह चाहें तो करजन तालुका की जनता उन्हें हवाई टिकट खरीदने के लिए पैसे भी भेज देगी। तो उन्हें अब हवाई टिकट खरीदने चाहिए और अपने कुनबे समेत कराची चले जाना चाहिए।'

Recommended Video
राज्य के उपमुख्यमंत्री ने महबूबा मुफ्ती पर सरकारी कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कहा कि, आप यहां रहती हैं तो आपको यहीं के कायदे-कानून में रहकर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। कोई भी जो गलती करेगा, उसे ये झेलना पड़ेगा। हम परेशानी पैदा करने वाले नहीं चाहते, चाहे उनकी जाति या मजहब कुछ भी हो। हम कहे देते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के लिए भारत और इसके नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता में है।
पटेल ने सवाल करते हुए कहा कि, ''जिन्हें भारत पसंद नहीं है। सरकार द्वारा बनाए गये सीएए जैसे कानून लाना या अनुच्छेद-370 का समाप्त करना पसंद नहीं हैं, उन्हें पाकिस्तान नहीं चले जाना चाहिए? सभी के लिए यह ठीक होगा।'
उपमुख्यमंत्री ने कहा- जो कोई भी यहां सुरक्षित या खुश महसूस नहीं कर रहा है, उसके लिए पाकिस्तान है। उसे पाकिस्तान चले जाना चाहिए।'

उप मुख्यमंत्री ने उपरोक्त बातें वडोदरा की कर्जन विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अक्षय पटेल के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते वक्त कहीं। उनकी यह रैली वडोदरा के कुराली गांव में हुई थी। इस रैली में पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ भी की। कहा कि, ''ये दोनों देश की सुरक्षा के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाए और अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त किया।'
कर्जन वही विधानसभा सीट है, जहां आगामी 3 नवंबर को उपचुनाव होगा। गुजरात में उस दिन कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications