Gujarat: नागा साधु ने संन्यासिनी जयश्रीकानंद को मारी तलवार, हुईं बुरी तरह जख्मी
गुजरात में एक नागा साधु ने संन्यासिनी जयश्रीकानंद पर हमला कर दिया, जिससे वो बुरी तरह से घायल हो गईं।

गुजरात में एक महिला नागा साधु पर हमले का मामला सामने आया है। ये हमला किसी और ने नहीं बल्कि एक पुरुष नागा साधु ने किया। घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर उनकी हालत स्थिर बताई जा रही। वहीं दूसरी ओर हमले की वजह से काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को गिरनार क्षेत्र के जूना अखाड़े की पीठाधीश्वर नागा संन्यासिनी जयश्रीकानंद माताजी अपने आश्रम के बाहर टहल रही थीं। वहां पर शिवा नाम का एक नागा साधु भी बैठा था। जिसके पास तलवारें थीं। जैसे ही संन्यासिनी वहां पहुंचीं, वो चिल्लाने लगा। उसने चेतावनी दी कि वो इधर ना आएं, वर्ना उनको दिक्कत हो जाएगी। इसके अलावा वो उनको गालियां भी दे रहा था।
जयश्रीकानंद नागा साधु की धमकियों से नहीं डरीं और वो सड़क पार करके उधर पहुंच गईं। इसके बाद साधु का गुस्सा और ज्यादा भड़क गया। उसने कहा कि वो हिजड़ा नहीं है। अगर वो पास आईं, तो वो उन्हें मार देगा। वहां पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन एक-साधुओं को छोड़कर कोई मदद को आगे नहीं आया। कुछ देर बाद पुरुष नागा ने मारपीट शुरू कर दी और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
नागा ने महिला पर तलवार से हमला भी किया, ऐसे में वो बुरी तरह से घायल हो गईं। इसके बाद भी नागा साधु नहीं रुका और वो वहां हंगामा करता रहा। हैरानी की बात ये है कि वहां मौजूदा किसी ने भी संन्यासिनी की मदद नहीं की। वहां पर भास्कर की एक पत्रकार मौजूद थीं। उन्होंने ही घायल संन्यासिनी को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि कुछ देर बाद वहां पर आश्रम से साधु-संत, डिप्टी मेयर, अधिकारी आदि पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घायल का बयान दर्ज किया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications