Morbi bridge collapse: ओरेवा कंपनी के MD की अंतरिम जमानत याचिका खारिज, जानिए पूरा मामला
गुजरात के मोरबी पुल हादसे के एक आरोपी और ओरेवा ग्रुप के एमडी जयसुख पटेल की अंतरिम जमानत की अर्जी ठुकरा दी गई है। सरकार और पीड़ित के परिवार वालों ने उनकी जमानत का विरोध किया था।

Morbi bridge news in hindi: गुजरात की एक अदालत ने ओरेवा ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर जयसुख पटेल की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। पटेल ने यह याचिका पीड़ितों के परिवार वालों को मुआवजा देने की औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर मांगी थी। पिछले साल गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मोरबी शहर में सस्पेंशन पुल टूटने की घटना में 135 लोगों की जान चली गई थी। ओरेवा के एमडी की अंतरिम जमानत की याचिका का राज्य सरकार और पीड़ित के परिवारों दोनों ओर से विरोध किया गया था। प्रिंसिपल जिला और सत्र अदालत के जज पीसी जोशी ने उनकी अंतरिम जमानत की अर्जी खारिज की है।
ओरेबा ग्रुप के बॉस की अंतरिम जमानत याचिका खारिज
मोरबी पुल हादसे के आरोपी जयसुख पटेल की अंतरिम जमानत याचिका रद्द होने के बाद वकील हरेश एन मेहता ने कहा, 'जयसुख पटेल जमानत आदेश मिलने तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। गुजरात हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान याचिका पर घायल लोगों और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने का आदेश दिया था।' मोरबी शहर में मच्छु नदी पर ब्रिटिश-काल में बने पुल के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ओरेवा ग्रुप की थी, जो कि पिछले साल 30 अक्टूबर को टूटकर गिर गया था। इस हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई थी और 56 लोग जख्मी हो गए थे।
मोरबी पुल हादसे में कुल 10 आरोपी जेल में हैं
इस मामले में गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों में जयसुख पटेल भी शामिल हैं। वह पीड़ितों को मुआवजा देने की औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर 15 से 20 दिनों के लिए जेल से बाहर निकलना चाहते थे। मुआवजे का आदेश गुजरात हाई कोर्ट ने 22 फरवरी को दिया था। अदालत ने कंपनी को निर्देश दिया था कि प्रत्येक पीड़ित परिवारों को 10 लाख रुपए का अंतरिम मुआवजा और प्रत्येक घायलों को 2 लाख रुपए चार हफ्तों के अंदर दिया जाए।
सरकार और पीड़ित परिवारों ने जमानत का विरोध किया
उनकी जमानत की अर्जी का राज्य सरकार ने भी विरोध किया। वहीं पीड़ित परिवार के वकीलों ने दलील दी कि अगर उन्हें जमानत पर रिहा किया जाता है तो वो इस मामले में गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। हाई कोर्ट के सामने ग्रुप ने भी कुल 5 करोड़ रुपए का अंतरिम मुआवजा देने का ऑफर दिया था। इस मामले में गिरफ्तार हुए सभी 10 आरोपी मोरबी उप-जेल में बंद हैं। पुलिस की चार्जशीट में पटेल भी आरोपी हैं। उन्होंने 31 जनवरी को अदालत के सामने आत्म समर्पण किया था, उससे पहले तीन महीने तक वह फरार थे।












Click it and Unblock the Notifications