गुजरात के अंबाजी में तीर्थयात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार, 46 लोग घायल
गुजरात के अंबाजी के करीब श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 46 यात्री घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार यह निजी लग्जरी बस थी, जिसमें तीर्थयात्री सवार थे। लेकिन यह बस अंबाजी शहर के नजदीक हादसे का शिकार हो गई।
स्थानीय पुलिस निरीक्षक धवल पटेल ने बताया कि हादसे में घायल 18 यात्रियों को जिला मुख्यालय पालनपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जबकि बाकी के यात्रियों का अंबाजी शहर में एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि तीर्थयात्री अरासुर की पहाड़ी पर स्थित मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे। इसी दौरान यह बस हादसे का शिकार हो गई। बस की टक्कर इतनी तेज थी की उसके परखच्चे उड़ गए। दरअसल बस ने ढलान पर अपना नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से बस चट्टान से टकरा गई और उसकी छत टूट गई।
पुलिस इंस्पेक्टर धवल पटेल ने बताया कि घायल यात्रियों में से 18 की हालत नाजुक है, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त बस पहाड़ी इलाके से नीचे उतर रही थी, इसी दौरान ढलान के समय बस का नियंत्रण खो गया और यह चट्टान से जा टकराई।
बता दें कि 23 सितंबर से 29 सितंबर के बीच भद्रावी पूनम के मौके पर मंदिरों के शहर अंबाजी में भक्तों की काफी भीड़ पहुंचती है। हर साल अंबाजी में भव्य उत्सव का आयोजन होता है। इस दौराान पूरे गुजरात और बाहर से लोग यहां पहुंचते हैं। तकरीबन 15 लाख से अधिक तीर्थयात्री यहां पर दर्शन के लिए आते हैं। लोगों के लिए प्रशासन की ओर से खास व्यवस्था की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications