हजारों मरीजों के दिल का इलाज करने वाले हार्ट स्पेशलिस्ट को Heart Attack, 41 साल की उम्र में निधन
जामनगर के हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. गौरव गांधी का निधन हो गया। उनको सोमवार की रात या मंगलवार सुबह हार्ट अटैक आया था।

कोरोना काल के बाद से लोगों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ गया है। अब एक युवा डॉक्टर की जान इसकी वजह से चली गई। हैरानी की बात ये है कि वो खुद हार्ट स्पेशलिस्ट थे और उन्होंने हजारों लोगों की दिल की बीमारी का इलाज किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुजरात के जामनगर के हार्ट स्पेशलिस्ट गौरव गांधी का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वो 41 साल के थे। उनके मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट को बताया जा रहा।
उनके परिजनों के मुताबिक सोमवार को रोजाना की तरह उन्होंने क्लिनिक पर मरीजों को देखा और रात को पैलेस रोड स्थित घर आ गए। बकायदा खाना खाकर वो सोने चले गए। दूसरे दिन सुबह 6 बजे उनके परिजन कमरे में उन्हें जगाने पहुंचे, लेकिन वो बेहोश पड़े थे।
आनन-फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उनके मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट को बताया गया।
कहां से की थी पढ़ाई?
डॉ. गांधी ने जामनगर से एमबीबीएस किया था, जिसके बाद अहमदाबाद के एक कॉलेज से उन्होंने कार्डियोलॉजी में स्पेशल कोर्स किया। फिर वो अपने गृहनगर लौट आए और वहीं पर प्रैक्टिस करने लगे। वो इलाके के जाने माने डॉक्टर थे। साथ ही हार्ट को रोगमुक्त रखने के लिए लोगों को जागरुक भी करते रहते थे।
चल रही स्टडी
कोरोना काल के बाद से युवाओं में हार्ट अटैक के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ऐसे वीडियो आते रहते हैं, जिसमें लोग सामान्य चीजें करते हुए मौत के मुंह में चले जाते हैं। हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा था कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। ICMR के वैज्ञानिक इसकी वजह पता लगाने की कोशिश कर रहे। इसके बाद एक्शन प्लान तय किया जाएगा। हालांकि बहुत से लोगों ने इन घटनाओं को कोरोना वैक्सीन से जोड़ा, लेकिन सरकार इससे लगातार इनकार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications