मानसून की दस्तक: अरब सागर के नजदीकी गुजराती जिलों में बरसे मेघ, भावनगर में साढ़े 3 इंच बारिश
भावनगर। मानसून के आगमन के बीच बादलों की गडगड़ाहट से समुद्र तटीय क्षेत्रों में बूंदे बरस रही हैं। ठंडी पवन बहने के साथ-साथ ही सौराष्ट्र के कई जिलों में तेज बारिश हुई। राजकोट, भावनगर, सुरेन्द्रगनगर, जूनागढ़ एवं जामनगर आदि जिले तर हो गए। बीते रोज भावनगर में कई स्थानों पर साढे 3 इंच पानी बरसा। वहीं, राजकोट जिले के गोंडल में सवा 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। अमरेली जिले के सावरकुंडला में 2 इंच, बगसरा, सुरेन्द्रगनगर जिले की लींबडी, सायला में एक इंच, पडधरी में पौन इंच, उना व वेरावल में आधा इंच बारिश हुई।

जगह-जगह कई इंच पानी भर गया
जानकारी के अनुसार, राजकोट जिले के उपलेटा, धोराजी, सुरेन्द्रनगर के ध्रांगध्रा, वढवाण, जूनागढ़ के कोडीनार, गिर गढडा, जामनगर जिले के कालावड में भी तेज बूंदें बरसी हैं। भावनगर जिले के वल्लभीपुर, गारियाधार, घोघा व जेसर व अमरेली में भी हल्की बारिश देखने को मिली। भावनगर शहर की बात करें तो यहां जोरदार बारिश के कारण जगह-जगह कई इंच पानी भर गया। लोगों ने बताया कि, सोमवार दोपहर अचानक बिजली कड़की और फिर वर्षा हुई। मूसलाधार बरसात के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। अचानक आई बारिश से वाहन चालकों व आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यहां पर लगातार चौथ दिन बारिश हुई
अब शहर के घोघा रोड गायत्रीनगर इलाके के शिवरंजिनी सोसाइटी में बिजली गिरने के अनुमान हैं। वहीं, राजकोट जिले के गोंडल शहर में दोपहर को बारिश आई। इस कारण शहर के सभी इलाके में पानी-पानी की स्थिति हो गई। बादल छा जाने के कारण वाहन चालकों को दिन में ही लाइट चालू रखनी पड़ी। यहां पर लगातार चौथ दिन बारिश हुई।

ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरी, मेघ बरसे
उधर, राजकोट-जामनगर हाईवे पर पडधरी व ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरी। तत्पश्चात् बरसात हुई। पोरबंदर के बामणाशा घेड में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। अमरेली जिले के सावरकुंडला में भी बारिश के समाचार हैं। दोपहर बाद घनघोर घटा छाने के बाद मेघ बरसे।












Click it and Unblock the Notifications