Gujarat Weather: गुजरात में बारिश ने मचाई तबाही, 15 की मौत, 23 हजार से ज्यादा लोगों को किया शिफ्ट
Gujarat Weather Update: गुजरात में हुई बारिश ने भारी तबाही मचाई हुई है। बारिश के कारण अभी तक 15 लोगों की मौत हो गई और 23 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। तो वहीं, बारिश के कारण पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल पर ट्रैक पर पानी भर गया है।
इस कारण उत्तर पश्चिम रेलवे से चलने वाली 12 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। खबर के मुताबिक, कैंसिल किए गए ट्रेनों में जयपुर बांद्रा टर्मिनस भी शामिल है। मौसम विभाग गुजरात के 27 जिलो में 28 और 29 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

बता दें कि बारिश के कारण गुजरात के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए है और नदियां खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। इतना ही नहीं, रिहायशी इलाके टापू में तब्दील हो चुके हैं। इस बीच IMD ने गुजरात के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, कई अन्य राज्यों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका के चलते 'रेड' अलर्ट जारी किया गया है। बचाव और राहत कार्यों को बढ़ावा देने के लिए गुजरात सरकार ने द्वारका, आनंद, वडोदरा, खेड़ा, मोरबी और राजकोट जिलों में भारतीय सेना की छह टुकड़ियां तैनात करने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा, आपदा प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 14 टुकड़ियां और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की 22 टीमें तैनात की गई हैं। 27 अगस्त को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चल रहे राहत प्रयासों की समीक्षा और समन्वय के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने अपने X पर लिखा, 'मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों को पुलिस की मदद लेकर पूरी सतर्कता और सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं ताकि भारी बारिश के कारण उफनती नदियों, नालों और झीलों में कोई न जाए। इसके अलावा, मौसम विभाग ने विशेष रूप से तटीय क्षेत्रों के जिला कलेक्टरों से मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।'
बता दें कि मंगलवार को ही वडोदरा (8,361) और पंचमहल (4,000) जैसे गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों से 12,000 से अधिक लोगों को निकाला गया। आज तक, 23,870 से अधिक व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हाल ही में निकाले गए लोगों में नवसारी से 1,200, वलसाड से 800, भरूच से 200, खेड़ा से 235 और बोटाद से 200 लोग शामिल हैं।
नदियां खतरे के स्तर को पार कर गईं
लगातार हो रही बारिश के कारण गुजरात में कई नदियां अपने खतरे के निशान को पार कर गई हैं। ख़ास तौर पर भरूच ज़िले में, गोल्डन ब्रिज पर नर्मदा नदी के 24 फ़ीट के खतरे के निशान को पार करने के बाद कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। जलस्तर में यह वृद्धि पड़ोसी मध्य प्रदेश के बांधों से पानी के बहाव के कारण हुई है।












Click it and Unblock the Notifications