गुजरात में पहली बार आईएएस कोरोना की चपेट में, स्वास्थ्य सचिव जयंती रवि के सहायक की रिपोर्ट पॉजिटिव
गांधीनगर। कोरोना का संक्रमण आए रोज तेजी से बढ़ रहा है। आम लोगों के साथ ही खास लोग भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। गुजरात में पहली बार, अब कोई आईएएस अधिकारी भी वायरस से संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य सचिव जयंती रवि की टीम के सहायक आईएएस हरित शुक्ला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि, आईएएस हरित शुक्ला पिछले ढाई महीने से कोविड हॉस्पिटल के डॉक्टर्स एवं अधिकारियों के सम्पर्क में थे। पिछले हफ्ते उनकी तबियत बिगड़ने के बाद कल उनका कोरोना टेस्ट किया गया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्ला साइंस एंड टेक्नालॉजी विभाग के सेक्रेटरी हैं। बहरहाल, वह अपने ही घर पर क्वारंटाइन हुए हैं। उधर, उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है।
एक अधिकारी ने कहा कि, शुक्ला कोविड हॉस्पिटल् से लेकर अधिकारियों, डॉक्टर्स एवं स्वास्थ्यकर्मियों से लगातार सम्पर्क में थे। वे विभाग की मीटिंग्स में भी शामिल होते रहे हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उनके सम्पर्क में आने वाले अधिकारी, डॉक्टर्स एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने अपना चेकअप कराया है। कहा जा रहा है कि, जिन अधिकारियों से वे मिले हैं, उसमें से किसी में भी कोरोना के लक्षण देखने को नहीं मिले हैं। डॉक्टर अब कुछ ही दिनों में उनके रिकवर होने की संभावना जता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications