गुजरात में बंपर जीत की ओर बीजेपी, टूट सकता है 1985 वाला कांग्रेस का रिकॉर्ड
गुजरात में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है, जहां शुरुआती रुझान में ही उसने पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। अगर ये रुझान परिणाम में बदले तो कांग्रेस की जीत का एक रिकॉर्ड टूट जाएगा।

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है, जहां पर बीजेपी फिर से वापसी करती नजर आ रही। सुबह 9.30 बजे के आसपास सभी सीटों पर रुझान आ गए थे, जिसमें बीजेपी को 150 के करीब सीटें मिल रहीं। अगर ये रुझान अंतिम परिणाम में तब्दील हुए, तो 1985 वाला कांग्रेस का सबसे ज्यादा सीटों वाला रिकॉर्ड टूट जाएगा। वहीं कांग्रेस का आंकड़ा 20-25 सीटों के बीच चल रहा, जबकि आम आदमी पार्टी इकाई से दहाई के अंक के करीब पहुंचने वाली है।
दरअसल गुजरात में पिछले 27 सालों से बीजेपी का राज है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने वहां पर कई कीर्तिमान रचे, लेकिन कभी कांग्रेस का 1985 वाला रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई। उस वक्त कांग्रेस को माधव सिंह सोलंकी ने बड़ी जीत दिलाई थी, जहां उन्हें 182 विधानसभा सीटों में से 149 पर विजय हासिल हुई। अब आज के रुझानों को देखते हुए ये लग रहा कि बीजेपी इस रिकॉर्ड को तोड़ सकती है।
कैसे किया था कांग्रेस ने कमाल?
1981 में जस्टिस बख्शी कमीशन ने ओबीसी आरक्षण पर अपनी सिफारिश राज्य सरकार को भेजी थी, जिसके तहत माधव सिंह सोलंकी ने आरक्षण का प्रावधान कर दिया। जिस पर इसके विरोध में बड़ा आंदोलन शुरू हो गया। उसको देखते हुए आरक्षण समर्थकों ने भी मोर्चा खोल दिया। कुछ दिनों बाद इस आंदोलन ने हिंसा का रूप लिया और बड़ी संख्या में लोग मारे गए। इन सब घटनाओं को देखते हुए 1985 में सोलंकी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि आरक्षण लागू करने वाला दांव काम कर गया था और उस साल हुए चुनाव में कांग्रेस ने 149 सीटें हासिल कीं। कहा जाता है कि सोलंकी ने KHAM (क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी और मुस्लिम) फॉर्मूला तैयार किया था, उसी पर लगातार अमल से उनको इतनी बड़ी जीत मिली थी।
अब हालात चिंताजनक
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी, जिस वजह से उसकी सीटें गिरकर 99 रह गईं, जबकि कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई थीं। हालांकि आतंरिक गुटबाजी और हाईकमान की लापरवाही से अब कांग्रेस की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वो 20 से 25 सीटों के बीच सिमटती दिख रही।












Click it and Unblock the Notifications